https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

राज्यसभा में जब पीएम मोदी और कांग्रेस चीफ खरगे के बीच चली जुबानी, दिखा गज़ब अंदाज

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आपातकाल से लेकर कांग्रेस की राजनीति पर हमला बोला और मजाकिया अंदाज में मल्लिकार्जुन खरगे की भी चुटकी ली। उनके तंज पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।

पीएम मोदी का खरगे पर मजेदार तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,
"सभापति जी, खरगे जी आपके सामने बढ़िया-बढ़िया शेर सुनाते रहते हैं। उनका शौक है शेर सुनाने का। सभापति जी, आप भी बहुत मजा लेते हैं।"

इसके बाद पीएम मोदी ने गोपाल दास नीरज की कविता के माध्यम से खरगे और कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा—
"तमाशा करने वालों को क्या खबर,
हमने कितने तूफानों को पार दीया जलाया है!"

उन्होंने आगे कहा कि खरगे जी को अपने घर में ये बातें सुनने को नहीं मिलेंगी, इसलिए उन्होंने यह मंच चुना। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि नीरज जी ने 1970 में कांग्रेस शासन के दौरान लिखा था—

"है बहुत अंधियारा, अब सूरज निकलना चाहिए,
जिस तरह से भी हो, यह मौसम बदलना चाहिए!"

इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रसिद्ध कविता भी उद्धृत की—
"सूरज निकलेगा, अंधेरा छंटेगा, कमल खिलेगा!"

पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि जब तक कांग्रेस का सूरज चमकता रहा, देश अंधेरे में रहा।

'परिवार प्रथम' कांग्रेस की पहचान – पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस की राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार का मूलमंत्र "सबका साथ, सबका विकास" है, जबकि कांग्रेस का मूलमंत्र "परिवार प्रथम" रहा है।

उन्होंने कहा, "कांग्रेस का मॉडल झूठ, फरेब, भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण का घालमेल था। उन्होंने देश में ऐसा राजनीतिक मॉडल तैयार किया, जहां कुछ छोटे समूहों को लाभ दिया गया और बाकी लोगों को वंचित रखा गया।"

2014 के बाद देश को मिला नया मॉडल

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश के पास कोई वैकल्पिक मॉडल नहीं था। लेकिन 2014 के बाद 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत पर आधारित एक नई राजनीति का दौर शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में तुष्टीकरण होता था, लेकिन अब संतुष्टीकरण पर जोर दिया जा रहा है।

तीसरी बार सरकार बनाने का श्रेय जनता को

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा के विकास मॉडल को समझा और समर्थन दिया, इसलिए आज उनकी सरकार तीसरी बार सत्ता में है। उन्होंने कहा,
"हमारी सरकार संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर ध्यान देती है और राष्ट्र प्रथम की भावना से देश की सेवा कर रही है।"

कांग्रेस के लिए 'सबका साथ, सबका विकास' संभव नहीं – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उनसे 'सबका साथ, सबका विकास' की अपेक्षा करना बहुत बड़ी गलती होगी। उन्होंने कहा,
"जब इतना बड़ा दल एक परिवार को समर्पित हो गया है, तो उसके लिए 'सबका साथ, सबका विकास' संभव ही नहीं है!"

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *