Aligarh: सास-दामाद की प्रेम कहानी में नया मोड़: अनीता या सपना नहीं, फरार महिला का क्या है असली नाम? यहां पढ़ें पूरी कहानी

- Rishabh Chhabra
- 14 Apr, 2025
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सास-दामाद की अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों सुर्खियों में है। इस मामले में अब तक जितना सस्पेंस इनके रिश्ते को लेकर था, उतना ही भ्रम सास के नाम को लेकर भी बना हुआ था। कोई उसे अनीता बता रहा था तो कोई सपना। मगर अब पुलिस ने खुद इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है। अलीगढ़ पुलिस के अनुसार, दामाद राहुल के साथ भागी महिला का असली नाम "अपना देवी" है।
यह पूरा मामला अलीगढ़ के थाना मंडराक क्षेत्र के मनोहरपुर गांव का है। यहां रहने वाले जितेंद्र की बेटी शिवानी की शादी मछरीया गांव निवासी राहुल से 16 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियां ज़ोरों पर थीं, लेकिन इससे ठीक 9 दिन पहले जितेंद्र की पत्नी अपना देवी, उसी राहुल के साथ फरार हो गई। इस घटना से दोनों ही परिवारों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जब मामले की छानबीन में जुटी तो नाम को लेकर भ्रम सामने आया। कहीं मीडिया में महिला का नाम सपना बताया गया, तो कहीं अनीता। लेकिन अब अलीगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह दोनों ही नाम फर्जी हैं। फरार महिला का असली नाम अपना देवी है और उसकी उम्र करीब 35-40 साल बताई जा रही है। वहीं राहुल की उम्र 20 साल है और वह अपना देवी की बेटी का मंगेतर था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों की लोकेशन पहले उत्तराखंड के रुद्रपुर में ट्रेस की गई थी। राहुल वहां एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और उसका जीजा भी वहीं रहता है। पुलिस जब रुद्रपुर पहुंची, तब तक दोनों वहां से निकलकर गुजरात की ओर रवाना हो चुके थे। अब पुलिस गुजरात में दोनों की तलाश कर रही है।
इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जितेंद्र ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन उसकी पत्नी ने जानबूझकर उसे अपनी बहन के घर शादी का न्यौता बांटने के लिए भेजा था। जितेंद्र के घर से निकलते ही अपना देवी, राहुल के साथ भाग गई।
बताया जा रहा है कि दोनों की प्रेम कहानी अगस्त 2024 में शादी तय होने के बाद शुरू हुई थी। दिसंबर 2024 में राहुल और अपनी होने वाली सास अपना देवी के बीच बातचीत शुरू हुई। शुरुआत में सिर्फ 2-5 मिनट बात होती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता गया और दोनों घंटों-घंटों तक फोन पर बातें करने लगे। यहां तक कि एक वक्त ऐसा भी आया जब दोनों दिन में 20 घंटे तक एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे।
पुलिस अब राहुल और अपना देवी की तलाश में उत्तराखंड से लेकर गुजरात तक छानबीन कर रही है। वहीं सोशल मीडिया पर इस अजीबोगरीब रिश्ते को लेकर बहस छिड़ी हुई है। जहां कुछ लोग इसे प्रेम की स्वतंत्रता का नाम दे रहे हैं, वहीं अधिकतर लोग इस रिश्ते को पारिवारिक विश्वास के साथ धोखा मान रहे हैं।
फिलहाल इस सास-दामाद की प्रेम कहानी का अगला अध्याय पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद ही खुलकर सामने आएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *