भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने कुल 195 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कई ऐसे नाम हैं जिनका पत्ता कट गया है और कई ऐसे नाम हैं जो दोहराए गए हैं। जिसमें एक बार फिर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा पर बीजेपी ने विश्वास जताया है। भारतीय जनता पार्टी ने डॉक्टर महेश शर्मा को चौथी बार टिकट दिया है। पेशे से चिकित्सक रहे महेश शर्मा अपने पहले कार्यकाल में केंद्रीय संस्कृति मंत्री रह चुके हैं। यह सच है कि सियासत में उनकी एंट्री बहुत देर से हुई। लेकिन, उन्होंने यह साबित कर दिखाया है कि वह सिर्फ मरीजों की नहीं, बल्कि सियासत की भी नब्ज को अच्छी तरह पहचानते हैं।

गौतमबुद्ध नगर से चौथी बार लड़ेंगे सांसद का चुनाव
डॉ.महेश शर्मा ने पहली बार वर्ष 2009 में चुनाव लड़ा था। उस दौरान उनको हार का सामना करना पड़ा। उस समय डॉक्टर महेश शर्मा और सुरेंद्र सिंह नागर के बीच में कांटे की टक्कर हुई। जिसमें सुरेंद्र सिंह नागर सांसद बन गए। उसके बाद वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में डॉक्टर महेश शर्मा ने जीत हासिल की और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र भाटी को हरा दिया। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर डॉ.महेश शर्मा का मुकाबला बसपा के उम्मीदवार सतवीर गुर्जर से हुआ। जिसमें डॉक्टर महेश शर्मा को 8,30,812 वोट मिले। जबकि, सतवीर गुर्जर को 4,93,890 वोट मिले। अब चौथी बार डॉ.महेश शर्मा सांसद का चुनाव लड़ेंगे।

सियासत के हुनरमंद हैं महेश शर्मा
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा सियासत के हुनरमंद हैं। लोकसभा क्षेत्र से अक्सर उनके विरोध और उनसे नाराजगी की खबरें आती हैं। वहीं गुर्जर और ठाकुर बिरादरी की भी नाराजगी की खबरें आती रहती हैं, लेकिन बीते 17 वर्षों के दौरान उन्होंने सियासत में पीएचडी कर ली है। इस इलाके के जानकारों का मानना है कि जो विरोध कर रहे हैं, उनमें अधिकतर लोग लोकल हैं। मौजूदा वक्त में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बसे बाहरी लोगों की संख्या स्थानीय लोगों से अधिक है। उन्हें अपने समर्थकों और सोसाइटियों में रहने वाले लाखों लोगों पर इतना भरोसा है कि उन्हें मालूम है कि उन्हें अपनी नैया कैसे पार लगानी है।

सुषमा स्वराज ने महेश शर्मा को राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया

पहले गौतमबुद्ध नगर खुर्जा लोकसभा सीट के नाम से जानी जाती थी। उस समय यहां बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता हुआ करते थे। उनमें खुर्जा लोकसभा सीट से चार बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे अशोक प्रधान, दादरी विधानसभा सीट से दो बार के एमएलए और यूपी सरकार में मंत्री रहे नवाब सिंह नागर, डॉ. वीएस चौधरी, हरिश्चंद भाटी, जुगराज चौहान जैसे तमाम नेताओं के नाम शुमार थे। लेकिन, ये आज सियासी गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं। बीजेपी की तेज-तर्रार नेता सुषमा स्वराज ने डॉ. महेश शर्मा को राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version