जहां एक ओर सभी पार्टियां लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई हैं तो वहीं दूसरी ओर बसपा के सांसद अपनी पार्टी का साथ छोड़ रहे हैं। दरअसल बसपा सांसद संगीता आजाद सोमवार को भाजपा में शामिल हो गईं। संगीता आजाद रायबरेली की लालगंज लोकसभा सीट से बसपा की सांसद हैं। सांसद संगीता आजाद ने दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ली है। साथ ही उनके पति पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।

“संगीता आज खुद को सही मायनों में आजाद मान रही होंगी “
संगीता आजाद के भाजपा में शामिल होने पर भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कहा “कि संगीता आजाद सही मायनों में आज खुद को आजाद मान रही होंगी। अब वह पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करने आईं हैं।”

SC की अधिवक्ता सीमा कुशवाहा भी भाजपा में शामिल
आपको बता दें कि इस दौरान सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा कुशवाहा भी भाजपा में शामिल हुईं। सीमा कुशवाहा ने वर्षों तक निर्भया कांड में निर्भया की मां की वकील के रूप में सुप्रीम कोर्ट में केस लड़ा था। पार्टी में शामिल होने के बाद बीएसपी सांसद संगीता आजाद, पार्टी नेता आजाद अरिमर्दन और सुप्रीम कोर्ट की वकील सीमा कुशवाहा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version