हरियाणा में बुधवार से नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरु हुई है। राज्य में लगातार तीसरी बार बन रही भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री पद का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बुधवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। आपको बता दें, पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से चुनाव से पहले ही नायब सिंह सैनी को हरियाणा में भाजपा का मुख्यमंत्री फेस घोषित गया था। अब 17 अक्टूबर को पीएम मोदी की मौजूदगी में नायब सैनी दूसरी बार हरियाणा के सीएम पद की शपथ लेंगे।

शपथ ग्रहण से पहले की बड़ी घोषणा

ये तय है कि 17 अक्टूबर को नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। जिसको लेकर तैयारियां भी जोरों पर हैं। लेकिन वीवीआई की मौजूदगी में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह से पहले नायब सिंह सैनी ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा बुधवार को कहा कि हमनें चुनाव से पहले ये वादा किया था कि हम सत्ता में वापसी करने के बाद पहले 24 हजार युवाओं को नौकरी देंगे।

24 हजार युवाओं को पहले मिलेगा नियुक्तिपत्र

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि जिन युवाओं को चयन हुआ है उनका रिजल्ट अब तैयार है। मैं कल शपथ लेने से पहले 24 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दूंगा। इसके बाद ही मैं राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लूंगा। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में हरियाणा की जनता से ये वादा किया था। अब हम इसे पूरा करने जा रहे हैं। मैं आपसे ये कहना चाहूंगा कि बीजेपी जो वादा करती है उसे सत्ता में वापसी करते ही पूरा भी करती है। हम सिर्फ वादे करने में ही विश्वास नहीं करते, हम उन्हें पूरा करने में भी उतना ही भरोसा करते हैं।

सर्वसम्मति से चुने गए मुख्यमंत्री

बुधवार को सर्वसम्मति से हरियाणा में भारतीय जनता के विधायक दल का नेता नायब सिंह सैनी को चुना गया है। भाजपा की हरियाणा इकाई के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में सैनी को अपना नेता चुना। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। विधायक कृष्ण कुमार बेदी और अनिल विज ने सैनी के नाम का प्रस्ताव दिया था। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, वहीं कांग्रेस को 37 सीटें मिली हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version