https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बाढ़ का कहर; 5 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित, शिविरों में काट रहे दिन

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Noida: यमुना और हिंडन नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मोमनाथल समेत कई गांवों में 200 से ज्यादा घर पानी में डूब गए हैं। इनसे प्रभावित होकर पांच हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं।

सेक्टर-135 में बाढ़ में फंसे लोगों को फायर विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। वहीं, यमुना का पानी पुस्ते तक पहुंचने से हजारों फार्महाउस जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन और सामाजिक संगठनों की मदद से आठ राहत शिविरों में तीन हजार से ज्यादा लोग शरण लिए हुए हैं। यहां तीन टाइम भोजन, मेडिकल सुविधा, मोबाइल टॉयलेट और पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है।


सेक्टर-135 बारातघर में 800 लोग ठहरे

सेक्टर-135 बारातघर में बनाए गए राहत शिविर में 800 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। इनमें कई लोग आंखों में संक्रमण, बुखार और डायरिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं। हालांकि, इलाज और दवाओं से अब सुधार हो रहा है। सामाजिक संगठनों ने पुश्ते से लेकर कई इलाकों में सामुदायिक किचन शुरू किए हैं। करीब 16 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में 20 से ज्यादा जगहों पर रोजाना हजारों लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। नगली वाजिदपुर गांव में स्थानीय लोग प्रतिदिन 500 लोगों का भोजन बनाते हैं।


एनडीआरएफ ने बचाए 350 लोग

रबूपुरा के चंडीगढ़ गांव के पास यमुना की धारा कटने से गांव का रास्ता बंद हो गया। यहां 350 लोग फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की टीम ने अभियान चलाया। यमुना और हिंडन का जलस्तर बढ़ने से सेक्टर-150 की हालत सबसे खराब है। यहां एटीएस प्रिस्टिन सोसाइटी के पीछे यमुना और सामने हिंडन बह रही है। पानी पुश्ते तक आ जाने से सोसाइटीवासियों की चिंता बढ़ गई है। आसपास के फार्महाउस और गोशालाएं डूब गई हैं।


प्रशासन अलर्ट पर

जिले में 19 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं और 15 राहत शरणालय संचालित हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष (0120-2978231/32/33) 24 घंटे सक्रिय है। एनडीआरएफ की दो टीमें, पीएसओ 44 बटालियन और फायर विभाग लगातार राहत कार्य में जुटे हैं।


मौसम विभाग का अलर्ट

यमुना का जलस्तर शुक्रवार को 10 सेंटीमीटर घटा जरूर है, लेकिन खतरे से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगर बारिश तेज हुई तो नोएडा के कई सेक्टरों और सोसाइटियों में जलभराव की स्थिति और बिगड़ सकती है।

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *