यमुना के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित परिवारों की मदद में जुटा प्रशासन, डीएम ने किया शरणालयों का निरीक्षण
- Nownoida editor1
- 08 Sep, 2025
Greater Noida: यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। हर संभव मदद के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने विभिन्न शरणालयों, अस्थायी व्यवस्थाओं और राहत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शरणालयों की व्यवस्थाएं जांचीं
डीएम मेधा रूपम सबसे पहले सदर तहसील क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित शरणालय पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए बनाए गए भोजन, आवास, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिवारों से बातचीत की। प्रभावित लोगों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
बच्चों के लिए अस्थायी पाठशाला
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शरणालय में चल रही अस्थायी पाठशाला का भी दौरा किया। उन्होंने बच्चों से सवाल-जवाब किए और पठन-पाठन सामग्री वितरित की। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देश दिया गया कि नियमित स्वास्थ्य जांच करें और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें।
गौशाला का भी निरीक्षण
सेक्टर-135 में बनी अस्थायी गौशाला का भी डीएम ने अवलोकन किया। यहां उन्होंने चारा-पानी, पशु चिकित्सा और स्वच्छता की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के बाद डीएम मेधा रूपम पुस्ता रोड, सेक्टर-150 पहुंचीं। यहां उन्होंने असुरक्षित स्थानों पर टेंट लगाकर रह रहे लोगों को प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षित शरणालयों में शिफ्ट होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शरणालयों में भोजन, पानी, स्वास्थ्य और अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसलिए परिवारों को वहां स्थानांतरित किया जाए।
प्रशासन की पूरी टीम सक्रिय
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार प्रतीक चौहान, जिला पूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित शरणालयों में स्थानांतरित करने के प्रयास लगातार जारी रखें और किसी भी परिवार को मूलभूत सुविधाओं की कमी न होने पाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







