Lucknow: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को कांग्रेस से सावधान करते हुए एक तरह की चेतावनी दे डाली। उन्‍होंने कहा, ‘अखिलेश जी, आपको सावधान कर रहा हूं, यह कांग्रेस भस्‍मासुर (एक राक्षस जो हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, किसी को भी सिर पर हाथ रखकर खत्म कर सकता है।) जल्दी ही आपको (सपा को) ठिकाने लगा देगी। कांग्रेस की नजर सपा के मुस्लिम वोट बैंक पर पड़ गई है। कांग्रेस की सोच और कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश नहीं।

कांग्रेस की नजर मुस्लिम वोट बैंक पर
भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने 14 जुलाई को लखनऊ में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान कहा कि कांग्रेस हमेशा चुनाव जीतने के लिए छोटी पार्टियों का इस्तेमाल करती है। सावधान रहें। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस और सपा विपक्षी इंडिया गुट का हिस्सा हैं और उन्होंने लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था। उम्मीद है कि दोनों दल 2027 का विधानसभा चुनाव भी गठबंधन में लड़ेंगे। पार्टी के राष्‍ट्री य अध्‍यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी के बीच राज्‍य कार्यकारिणी बैठक में भूपेन्‍द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नजर सपा के मुस्लिम वोट बैंक पर है

केशव प्रसाद ने सपा को बताया सांपनाथ तो कांग्रेस को नागनाथ
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 300 से ज्यादा सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर चलना है। इसके लिए जरूरी है कि मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं को सम्मान दें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। पहली बार उड़ीसा में जय जगन्नाथ हुआ है। सिक्किम में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, आंध्र प्रदेश में एनडीए की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार से बड़ा था, बड़ा है और हमेशा बड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2014 में मोदी की सरकार बनाई, 2017 में प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाकर सरकार बनाई। 2019 में फिर मोदी की सरकार और 2022 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। हालांकि, वर्ष 2024 में तमाम प्रयासों के बावजूद परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version