राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक विदेशी महिला का शव मिला है। साहिबाबाद के कौशांबी थाना इलाके के वैशाली सेक्टर में मौजूद मैक्स अस्पताल में महिला का शव मिला है। जानकारी के अनुसार मैक्स अस्पताल में इलाज कराने आई उज्बेकिस्तान की 45 साल की महिला ने आत्महत्या कर ली। फिलहाल घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

25 मई को हुआ था महिला का लिवर ट्रांसप्लांट
जानकारी के मुताबिक उज्बेगिस्तान की 45 वर्षीय जुल्फिया लिवर ट्रांसप्लांट कराने के लिए भारत आई थीं। 25 मई को जुल्फिया का लिवर ट्रांसप्लांट हो गया। वह पति खैरुला के साथ यहीं अस्पताल में थीं। मंगलवार दोपहर को जुल्फिया बाथरूम गईं। काफी देर होने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आईं तो खैरुला ने सुरक्षा गार्ड और हाउस कीपिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी। अस्पताल के स्टाफ ने बाथरूम के अंदर महिला को आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने बाथरूम खोलकर देखा तो महिला अंदर लटकी हुई थी। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला सुसाइड का है। हालांकि, मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला के पति से भी आगे की जानकारी जुटाई गई है। ऐसा लग रहा है कि महिला किसी डिप्रेशन में थी। शायद वह अपने लिवर ट्रांसप्लांट को लेकर परेशान थी।

पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और आत्महत्या के कारण की जांच की जा रही है। पुलिस के उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version