रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती, 25 नवंबर तक करें आवेदन, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

top-news
रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। स्नातक पास उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 27 नवंबर है। चयन परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण से होगा।

रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्नातक पास युवाओं के लिए स्टेशन मास्टर बनने का अच्छा अवसर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 निर्धारित है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार रात 11 बजकर 59 मिनट तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल करने वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन फॉर्म भर दिया है, लेकिन अभी तक शुल्क जमा नहीं किया है, उन्हें 27 नवंबर तक का समय दिया गया है। इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।


आवेदन के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता

स्टेशन मास्टर के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या शिक्षण संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना एक जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। अन्य पिछड़ा वर्ग के नॉन क्रीमी लेयर, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पात्र श्रेणियों के उम्मीदवारों को रेलवे के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को स्टेशन मास्टर पद के लिए निर्धारित ए-2 चिकित्सा मानकों को भी पूरा करना होगा।


चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा 35,400 रुपये मूल वेतन

रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से विज्ञापन संख्या 08/2026 के तहत स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती की जा रही है। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-6 के तहत शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह मिलेगा। रेलवे भर्ती बोर्ड मुंबई के तहत सबसे अधिक 177 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर में 122 और चेन्नई में 119 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।


चार चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया

स्टेशन मास्टर के पदों पर उम्मीदवारों का चयन चार चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होना होगा। इसमें सफल उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित अभिक्षमता परीक्षा (सीबीएटी) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण होगा। सभी निर्धारित चरणों में सफल होने वाले पात्र उम्मीदवारों का चयन भर्ती नियमों के अनुसार किया जाएगा।


कितना देना होगा आवेदन शुल्क

सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला और पूर्व सैनिक श्रेणी के पात्र उम्मीदवारों को 250 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार आवेदन शुल्क वापसी का लाभ मिलेगा। सामान्य शुल्क श्रेणी के अभ्यर्थियों को बैंक शुल्क काटकर 400 रुपये वापस किए जाने का प्रावधान है।


इस तरह करें ऑनलाइन आवेदन

  • सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाएं।

  • नए उम्मीदवार पंजीकरण करें और पहले से पंजीकृत उम्मीदवार लॉगिन करें।

  • स्टेशन मास्टर भर्ती 2026 से संबंधित आवेदन विकल्प चुनें।

  • आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करें।

  • निर्देशानुसार फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।

  • निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।

  • आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *