बीएचयू में नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती का मौका, भारत कला भवन में ग्रुप-बी, सी के लिए आवेदन शुरू, जानें कौन कर सकता है आवेदन
- Shiv Kumar
- 28 Jun, 2026
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने भारत कला भवन में ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ के अंतर्गत विभिन्न गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 10 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने तथा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 तय की गई है।
कुल 10 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती में सहायक क्यूरेटर के 2 पद, कलाकार का 1 पद, सहायक फोटोग्राफर का 1 पद, जूनियर डार्नर का 1 पद और गैलरी परिचारक के 5 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 10 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इन पदों के माध्यम से भारत कला भवन की कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा निर्धारित
सहायक क्यूरेटर पद के लिए संग्रहालय विज्ञान, विरासत प्रबंधन या संबंधित विषय में 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य है। कलाकार पद के लिए ललित कला में स्नातक डिग्री के साथ 5 वर्ष का अनुभव आवश्यक है। इन दोनों पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष रखी गई है। सहायक फोटोग्राफर और जूनियर डार्नर के लिए फोटोग्राफी में डिप्लोमा/डिग्री तथा एक वर्ष का अनुभव जरूरी है। जूनियर डार्नर के लिए 12वीं पास के साथ 5 वर्ष का अनुभव तथा अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है। गैलरी परिचारक पद के लिए 12वीं पास योग्यता अनिवार्य है, जबकि संग्रहालय क्षेत्र में अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में यूआर, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क रखा गया है। चयन प्रक्रिया में पहले आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग होगी, इसके बाद लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी। अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन के आधार पर चयन किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार बीएचयू की वेबसाइट bhu.ac.in/rac पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले RAC पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, उसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






