दिल्ली पुलिस कांस्टेबल-हेड कांस्टेबल भर्ती पर बड़ा अपडेट, फिजिकल टेस्ट की तारीख आई सामने, जानें कब होगा फिजिकल
- Shiv Kumar
- 10 Jul, 2026
दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के विभिन्न पदों पर चयनित उम्मीदवारों के फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PE&MT) की संभावित तारीख घोषित कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, फिजिकल टेस्ट 25 जुलाई 2026 से शुरू होने की संभावना है। उम्मीदवारों की परीक्षा तिथि, समय और केंद्र की जानकारी ई-एडमिट कार्ड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
इन पदों के लिए होगा फिजिकल टेस्ट
दिल्ली पुलिस भर्ती 2025 के तहत कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) पुरुष, कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) महिला, कांस्टेबल (ड्राइवर), हेड कांस्टेबल (मिनिस्टीरियल) और हेड कांस्टेबल (AWO/TPO) पदों के लिए PE&MT आयोजित किया जाएगा। विभाग ने बताया है कि सभी अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि ई-एडमिट कार्ड में मिलेगी, इसलिए उम्मीदवार नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य
फिजिकल टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ई-एडमिट कार्ड, 10 हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि दर्शाने वाला वैध फोटो पहचान पत्र, सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी साथ लानी होगी। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, शैक्षणिक संस्थान का आईडी कार्ड, सरकारी सर्विस आईडी, डिस्चार्ज बुक या अन्य सरकारी फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे।
मूल दस्तावेज नहीं लाने पर हो सकती है अयोग्यता
उम्मीदवारों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस, ड्राइविंग लाइसेंस, एनसीसी, स्पोर्ट्स, दिल्ली पुलिस वार्ड, विभागीय और अन्य लागू प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मूल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आरक्षण या अन्य किसी दावे का लाभ नहीं मिलेगा और अभ्यर्थी को अयोग्य घोषित किया जा सकता है। बाद में दस्तावेज जमा करने का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






