13, 706 बैंक पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू, ऑफिस असिस्टेंट और अधिकारी पदों पर मौका

top-news
IBPS ने RRB XV भर्ती 2026 के तहत 13,706 पदों पर आवेदन शुरू कर दिए हैं। उम्मीदवार 21 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में कार्यालय सहायक और अधिकारी वर्ग के पद शामिल हैं। योग्यता, आयु, स्थानीय भाषा, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित हैं।

बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) में 13,706 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती सामान्य भर्ती प्रक्रिया-आरआरबी XV के तहत हो रही है। इसमें कार्यालय सहायक (बहुउद्देशीय) के साथ अधिकारी स्केल-I, II और III के पद शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को पद के अनुसार योग्यता, आयु सीमा, स्थानीय भाषा और परीक्षा प्रक्रिया जरूर जांच लेनी चाहिए।


21 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

आरआरबी भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू हो चुकी है और 21 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद आवेदन में सुधार के लिए दो दिन का समय दिया जाएगा, जिसके लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित है। भर्ती प्रक्रिया के तहत नवंबर में पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण और प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होने की संभावना है। इसके बाद दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच मुख्य या एकल परीक्षा कराई जा सकती है। अधिकारी वर्ग के लिए साक्षात्कार जनवरी-फरवरी 2027 में प्रस्तावित है, जबकि अस्थायी आवंटन फरवरी-मार्च 2027 में हो सकता है। इस भर्ती अभियान में कार्यालय सहायक और अधिकारी वर्ग के कुल 13,706 पद शामिल हैं। इनमें कार्यालय सहायक (बहुउद्देशीय) के 8,183 पद, अधिकारी स्केल-I के 4,256 पद, स्केल-II के 1,047 पद और स्केल-III के 220 पद हैं। उम्मीदवार कार्यालय सहायक के साथ अधिकारी वर्ग में केवल एक स्केल के लिए आवेदन कर सकते हैं। यदि कोई अभ्यर्थी दोनों श्रेणियों के लिए पात्र है, तो उसे अलग-अलग आवेदन और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।


पद के अनुसार योग्यता और उम्र अलग

कार्यालय सहायक और अधिकारी स्केल-I के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है और इनके लिए पूर्व अनुभव की आवश्यकता नहीं है। स्केल-II और स्केल-III के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ संबंधित क्षेत्र में अनुभव भी मांगा गया है। स्केल-II सामान्य बैंकिंग अधिकारी के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और दो साल का अनुभव चाहिए, जबकि स्केल-III के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और पांच साल का अनुभव निर्धारित है। आयु की गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर होगी। कार्यालय सहायक के लिए उम्र 18 से 28 वर्ष, स्केल-I के लिए 18 से 30 वर्ष, स्केल-II के लिए 21 से 32 वर्ष और स्केल-III के लिए 21 से 40 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।


स्थानीय भाषा और चयन प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण

आरआरबी भर्ती में स्थानीय भाषा का ज्ञान भी महत्वपूर्ण पात्रता शर्त है। उम्मीदवार को संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा आठवीं कक्षा या उससे ऊपर के स्तर पर पढ़ी होनी चाहिए। कुछ परिस्थितियों में नियुक्ति के बाद छह महीने के भीतर स्थानीय भाषा सीखने का अवसर दिया जा सकता है। कार्यालय सहायक और अधिकारी स्केल-I के लिए प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा होगी। दोनों परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इस भर्ती में देशभर के 28 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शामिल हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक भी शामिल है। यूपी के लिए हिंदी, उर्दू और संस्कृत भाषाओं का उल्लेख किया गया है।


आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

एससी, एसटी, दिव्यांग और कार्यालय सहायक पद के पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है। अन्य सभी उम्मीदवारों को 850 रुपये शुल्क देना होगा। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित पद की विस्तृत पात्रता और अपने राज्य के आरआरबी की भाषा संबंधी शर्तों की जांच जरूर कर लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *