UPSSSC कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती में आज से करें आवेदन, 81, 100 तक वेतन, ग्रेजुएशन के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी
- Shiv Kumar
- 07 Sep, 2026
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कंप्यूटर से जुड़े पदों पर भर्ती का मौका आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC), लखनऊ ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के कुल 12 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों पर भर्ती महाधिवक्ता कार्यालय, उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के लिए की जाएगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 7 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर 2026 तय की गई है। वहीं, शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की सुविधा 5 अक्तूबर 2026 तक रहेगी। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता और अनुभव से जुड़ी शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए। UPSSSC की ओर से इस भर्ती का विज्ञापन 3 सितंबर 2026 को जारी किया गया था। विज्ञापन संख्या 20-परीक्षा/2026 के तहत आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 28 सितंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन के लिए 5 अक्तूबर तक का समय मिलेगा।
11 पद कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के
इस भर्ती अभियान में कुल 12 रिक्तियां हैं। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 11 पद और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर का 1 पद शामिल है। दोनों पदों के लिए अभ्यर्थी का स्नातक होना जरूरी है। साथ ही कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या ‘ओ’ लेवल प्रमाणपत्र होना चाहिए। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के लिए तीन साल का कंप्यूटर अनुभव मांगा गया है, जबकि सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के पद के लिए दो साल का अनुभव जरूरी है। इसके अलावा दोनों पदों के लिए UPSSSC PET 2025 में शामिल होकर उसे उत्तीर्ण करना और वैध स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है।
21 से 40 साल तक है आयु सीमा
इस भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्र की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। भर्ती में सीधे सभी आवेदकों की लिखित परीक्षा नहीं होगी। पहले PET 2025 के सामान्यीकृत अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी। अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन होगा। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार पे लेवल-2 से पे लेवल-4 के तहत वेतन दिया जाएगा। भर्ती में निर्धारित वेतनमान 19,900 रुपये से 81,100 रुपये तक है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए 25 रुपये आवेदन/प्रसंस्करण शुल्क रखा गया है। इसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
PET नंबर से ऐसे भरें फॉर्म
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां होमपेज पर ‘लाइव विज्ञापन’ सेक्शन में जाकर संबंधित भर्ती का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद PET 2025 की पंजीकरण संख्या के माध्यम से OTP या व्यक्तिगत विवरण से लॉगिन किया जा सकेगा। लॉगिन के बाद संबंधित पद का चयन कर शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी की पुष्टि करनी होगी। PET 2025 से पहले से भरी गई व्यक्तिगत जानकारी, फोटो और हस्ताक्षर को ध्यान से जांचना होगा। इसके बाद नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या UPI से 25 रुपये शुल्क जमा कर आवेदन सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद अंतिम फॉर्म का प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रख लेना चाहिए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






