सहायक शिक्षक के 12, 405 पदों पर बंपर भर्ती, D.El.Ed-TET वालों को मौका, आज से UPESSC में आवेदन शुरू

top-news
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 12,405 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती शुरू की है। आवेदन 16 सितंबर से 15 अक्तूबर तक होंगे। भर्ती में शहरी प्राथमिक विद्यालयों के 11,508 और सहायता प्राप्त विद्यालयों के 897 पद शामिल हैं। पात्रता, आयु, वेतन और शुल्क की पूरी जानकारी यहां देखें।

उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने प्राथमिक सहायक शिक्षक के 12,405 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार 15 अक्तूबर 2026 तक आयोग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। भर्ती में शहरी प्राथमिक विद्यालयों के 11,508 पद और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े प्राथमिक सहायक शिक्षक के 897 पद शामिल हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा।


11,508 पद शहरी प्राथमिक विद्यालयों के लिए

भर्ती के तहत प्राथमिक, शहरी सहायक शिक्षक के 11,508 पद बेसिक शिक्षा विभाग में हैं। उपलब्ध जिलावार विवरण में आगरा में 315, अलीगढ़ में 492, बरेली में 888, गाजियाबाद में 405, कानपुर नगर में 758, लखनऊ में 444, मेरठ में 635, सहारनपुर में 448 और वाराणसी में 378 पद शामिल हैं। पूरे प्रदेश के 75 जिलों में इन पदों का वितरण किया गया है। इसके अलावा संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में सहायक शिक्षक के 897 पद हैं। इनमें लड़कों के विद्यालयों में 473 और लड़कियों के विद्यालयों में 424 पद हैं।


कौन कर सकता है आवेदन?

शहरी प्राथमिक सहायक शिक्षक पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ बीटीसी, दो वर्षीय बीटीसी उर्दू, विशेष बीटीसी, विशेष शिक्षा में मान्य डिप्लोमा, चार वर्षीय बीएलएड या डीएलएड जैसी निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता जरूरी है। अभ्यर्थी का टीईटी उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है। संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों के सहायक शिक्षक पद के लिए स्नातक डिग्री के साथ एनसीटीई से मान्यता प्राप्त बीटीसी या डीएलएड और कक्षा 1 से 5 के लिए मान्य टीईटी जरूरी है।


उम्र 21 से 40 साल, वेतन 1.12 लाख तक

शहरी सहायक शिक्षक पद के लिए 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित है। उत्तर प्रदेश के एससी, एसटी और ओबीसी अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी। संबद्ध प्राथमिक सहायक शिक्षक पद के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष बताई गई है। दोनों पदों के लिए वेतनमान लेवल-6 के तहत 35,400 से 1,12,400 रुपये है।


आवेदन शुल्क कितना है?

सामान्य, अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस समेत निर्धारित अन्य वर्गों के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी और एसटी वर्ग के लिए शुल्क 500 रुपये और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित है। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरा करना जरूरी है। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्तूबर है, जबकि आवेदन में सुधार के लिए 19 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। भर्ती की लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *