दिल्ली में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर पर भी छापेमारी

top-news
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 21,180 टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त कर नेटवर्क की जांच शुरू की है।

दिल्ली में नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 14.226 किलोग्राम नशीली दवाएं बरामद हुई हैं, जिनमें अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की कुल 21,180 टैबलेट और कैप्सूल शामिल हैं। पुलिस ने दवाओं की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बिना वैध अनुमति के इन दवाओं की सप्लाई कर रहे थे। इस नेटवर्क का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने गुप्त सूचना और निगरानी के आधार पर कार्रवाई शुरू की थी। जांच के दौरान एक के बाद एक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दवाओं की सप्लाई करने वाले लोगों के साथ मेडिकल स्टोर संचालक भी शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से कितने अन्य लोग जुड़े हैं और दिल्ली-एनसीआर के अलावा किन राज्यों में इन दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।


निगम बोध घाट के पास दो आरोपियों को पकड़ा, हजारों टैबलेट बरामद

क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग दिल्ली और आसपास के इलाकों में नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई कर रहे हैं। इसके बाद इंस्पेक्टर राकेश कुमार की टीम ने संदिग्ध लोगों की निगरानी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को टीम ने निगम बोध घाट के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे दो लोगों को रोका। उनके पास मौजूद दो गत्ते के डिब्बों की तलाशी ली गई तो अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की 16,380 टैबलेट और कैप्सूल बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनेश कुमार गुप्ता (44) और अखिलेश मिश्रा (46) के रूप में हुई। इसके बाद एक नवंबर को क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।


पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम, मादीपुर से तीसरा आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, मुनेश कुमार गुप्ता और अखिलेश मिश्रा से पूछताछ के दौरान दवाओं की सप्लाई करने वाले एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया। दोनों ने बताया कि उन्हें ये दवाएं वीरेंद्र कुमार उर्फ हीरो उपलब्ध कराता था। इस जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मादीपुर इलाके में छापेमारी की और 48 वर्षीय वीरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से ट्रामाडोल के 4,320 कैप्सूल बरामद किए। आरोपी इन दवाओं को स्कूटी पर लेकर जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि वीरेंद्र कुमार पहले हरियाणा में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश शुरू की।


मेडिकल स्टोर पर छापा, बिना बिल और लाइसेंस के मिला दवाओं का स्टॉक

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े चौथे आरोपी राजेश्वर पांडे उर्फ गोपाल (34) को गिरफ्तार किया। उसकी मादीपुर गांव स्थित दवा की दुकान पर क्राइम ब्रांच और दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। यहां से ट्रामाडोल के 480 कैप्सूल बरामद हुए। इसके अलावा दुकान में 31 अलग-अलग श्रेणियों की दवाओं का बड़ा स्टॉक भी मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन दवाओं की खरीद के बिल और वैध ड्रग लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दवाओं का स्टॉक जब्त कर लिया। पुलिस अब दूसरे सप्लायरों और खरीदारों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *