दिल्ली-NCR को नए साल का बड़ा तोहफा, मेट्रो फेज-5ए को मिली मंजूरी
दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो विस्तार को मंजूरी। फेज-5ए में 13 स्टेशन, 16 किमी नई लाइन और 12,015 करोड़ की लागत। नेटवर्क 400 किमी से अधिक होगा।
- Rishabh Chhabra
- 24 Dec, 2025
नई दिल्ली। नए साल से पहले दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। केंद्र सरकार ने दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन और मजबूत होगा और लाखों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने जानकारी दी कि केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली मेट्रो के इस नए चरण को हरी झंडी दे दी है। फेज-5ए के तहत 13 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे और करीब 16 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 12,015 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
400 किलोमीटर से अधिक होगा दिल्ली मेट्रो नेटवर्क
इस विस्तार के साथ ही Delhi Metro Rail Corporation (DMRC) का कुल नेटवर्क 400 किलोमीटर से अधिक हो जाएगा। दिल्ली मेट्रो पहले से ही देश का सबसे बड़ा और विश्वसनीय मेट्रो नेटवर्क माना जाता है। नए फेज के जुड़ने से राजधानी और आसपास के इलाकों में कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना से दिल्ली-एनसीआर के कई घनी आबादी वाले क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। रोजाना ऑफिस, स्कूल और कॉलेज जाने वाले यात्रियों के लिए सफर आसान और तेज हो जाएगा। साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने से प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
एमआरटीएस फेज-4 पर भी तेज हुआ काम
सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार ने एमआरटीएस (Mass Rapid Transit System) फेज-4 के तीन अहम कॉरिडोर पर भी फोकस बढ़ा दिया है। इनमें शामिल हैं—
➤लाजपत नगर से साकेत,
➤इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ,
➤रिठाला से कुंडली (हरियाणा)।
इन कॉरिडोर के पूरा होने से दिल्ली के भीतर ही नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के शहरों के बीच आवाजाही भी काफी आसान हो जाएगी।
दिल्ली सरकार उठाएगी बड़ा वित्तीय भार
इस परियोजना के लिए दिल्ली सरकार ने 3,386.18 करोड़ रुपये का वित्तीय भार स्वयं वहन करने का फैसला किया है। सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 940 करोड़ रुपये की राशि पहले ही जारी कर दी है, जबकि 336 करोड़ रुपये की अगली किस्त प्रक्रिया में है। इसके अलावा, दिल्ली सरकार फेज-1, 2 और 3 की पिछली देनदारियों के तहत करीब 2,700 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर रही है।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि मेट्रो नेटवर्क के इस विस्तार से न सिर्फ यात्रा का समय कम होगा, बल्कि दिल्ली-एनसीआर को एक मजबूत, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन विकल्प भी मिलेगा। नए साल में यह फैसला राजधानी क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






