तुर्कमान गेट बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बवाल, सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम आया सामने
तुर्कमान गेट में एमसीडी बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बवाल। सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आया, पुलिस जांच जारी, 5 आरोपी हिरासत में।
- Shiv Kumar
- 07 Jan, 2026
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित सैयद फैज इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए बवाल में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आया है। हालांकि, इस बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि बवाल भड़काने में उनकी कोई भूमिका रही हो। दरअसल, दिल्ली नगर निगम (MCD) की ओर से जब मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की गई, उसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे की पूरी साजिश की जांच जारी है।
पुलिस का बयान
संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि कुछ लोगों के बुलाने पर सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी मंगलवार रात करीब 11:15 बजे डेमोलेशन स्थल के आसपास पहुंचे थे। वह करीब एक घंटे तक स्थानीय लोगों से बातचीत करते रहे और फिर करीब 12:15 बजे दिल्ली से यूपी लौट गए।
पुलिस के अनुसार, उनके वहां से जाने के कुछ घंटे बाद बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हुई। अभी तक पुलिस को ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि सांसद का उद्देश्य लोगों को भड़काना या हिंसा फैलाना था।
संयुक्त आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान यह सामने आता है कि किसी ने जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की है, तो संबंधित व्यक्ति को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






