गाजियाबाद में कफ सिरप माफिया पर बड़ा एक्शन, 13 करोड़ की संपत्ति सीज, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

top-news
गाजियाबाद पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चार ट्रकों से लाखों बोतल नशीली कफ सिरप बरामद की गईं और NDPS एक्ट के तहत करीब 13 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की गई।

गाजियाबाद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम और नंदग्राम थाना पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने सहारनपुर निवासी विभोर राणा और विशाल सिंह समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से अवैध तरीके से नशीली कफ सिरप की तस्करी कर रहे थे।


चार ट्रकों से लाखों बोतल कफ सिरप बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने चार ट्रकों से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद की। आरोपियों ने चूने के बोरों के बीच छिपाकर 1150 पेटियों में करीब 15 लाख 73 हजार से अधिक एस्कुफ कफ सिरप और फेनसेडिल कफ सिरप की शीशियां रखी थीं। पुलिस के मुताबिक इन कफ सिरप की कीमत करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक Hyundai Creta कार, लगभग 20 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए।


फर्जी कंपनियों के जरिए चल रहा था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर कफ सिरप की तस्करी कर रहे थे। इसी अवैध कारोबार से उन्होंने करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए NDPS Act के तहत करीब 12 करोड़ 55 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है।


नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गाजियाबाद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कफ सिरप तस्करी गिरोह के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *