गाजियाबाद से आई बवाल की खबर, मस्जिद के बाहर हुआ जमकर पथराव, छत से पत्थर बरसाए, पुलिस ने 5 को दबोचा
- Shiv Kumar
- 10 Mar, 2026
गाजियाबाद के मुरादनगर में मस्जिद के बाहर बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया। पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद और 28 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बच्चों के खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना रविवार रात की बताई जा रही है। मुरादनगर के मलिक नगर स्थित बंबा नाले के पास साकिब का 11 साल का बेटा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सावेज वहां पहुंचा और मस्जिद के बाहर खेलने का विरोध किया।
बताया जा रहा है कि बच्चों को डांटने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए और विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने घरों की छतों से भी पथराव किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
20 मिनट तक सड़क पर मचा रहा हंगामा
विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया और पथराव किया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस के मुताबिक साकिब पक्ष से साकिब और फुरकान मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरे पक्ष से सावेज, महताब, मेहरू, अमजद, आसिफ, सोएब और साजिद की पहचान हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की करीब 20 से 25 महिलाएं भी पथराव में शामिल थीं। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी Ankit Chauhan ने पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रण में किया।
पुलिस ने 5 आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए फुरकान, शाकिब, समीर, महताब और शमशेर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






