गाजियाबाद में गोकशी करने वाले दो बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, दोनों को लंगड़ा कर अस्पताल में कराया भर्ती, 3 अन्य साथियों को दबोचा

top-news
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में दो गौ तस्करों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, छुरे और एक कार बरामद हुई है।

गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो गौ तस्करों को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में उनके तीन अन्य साथियों को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार यह वही गिरोह है जिसने 3 मार्च को भी इलाके में गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पहले गौकशी की वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह फिर से सक्रिय है और इलाके में पहुंच सकता है। सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी सरिता मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी और कई स्थानों पर चेक पाइंट बनाए गए।


कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर किया फायर

पुलिस टीम ने एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास के पास चेक पाइंट बनाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने गाड़ी को पीछे मोड़ लिया और चिपियाना अंडरपास की तरफ भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने कार को कच्चे रास्ते पर उतार दिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को दौड़ाकर उनके पैर में गोली मार दी और मौके पर ही पकड़ लिया।


दो घायल, तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान मारूफ और अयान के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस ने इस दौरान उनके तीन अन्य साथियों जोहिन, आलम और समीर को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया। मौके से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, छुरे, रस्सी और एक कार बरामद की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *