गाजियाबाद अग्निकांड में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत, 3 मार्च को हुई थी घटना, अस्पताल में एक-एक करके चार ने तोड़ा दम

top-news
गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र की सुनहरी रेजीडेंसी में 3 मार्च को लगी आग में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। इलाज के दौरान अंजलि की भी मौत हो गई। इस हादसे में 23 लोग घायल हुए थे और करीब 40 परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित न्यू अजंता पार्क कॉलोनी की सुनहरी रेजीडेंसी में 3 मार्च को लगी भीषण आग की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सोमवार 10 मार्च को इलाज के दौरान अंजलि पुत्री राजेंद्र की भी मौत हो गई। इससे पहले उसके पिता राजेंद्र, मां मीना और बहन नीतू की भी जान जा चुकी थी। इस अग्निकांड में कुल 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया गया। परिवार के अब केवल दो बेटे अंकित और दीपक ही जीवित बचे हैं और उनका उपचार अभी जारी है। इस मामले में पुलिस ने 8 मार्च को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।


शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कई वाहन जलकर राख

जानकारी के अनुसार पांच मंजिला इमारत में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पार्किंग में खड़े 40 से अधिक दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए। वाहनों में मौजूद पेट्रोल के कारण आग ने और विकराल रूप ले लिया। कुछ ही समय में लपटें दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं, जबकि धुआं पूरी इमारत में फैलते हुए पांचवीं मंजिल तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।


करीब 40 परिवारों को घर छोड़ना पड़ा

इस हादसे के बाद इमारत में रहने वाले लगभग 40 परिवारों को अपने घर खाली करने पड़े। फिलहाल ये लोग अपने रिश्तेदारों और पड़ोसियों के घरों में रहने को मजबूर हैं। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों में नाराजगी है। रविवार को कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *