गाजियाबाद में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल 6 गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर किए थे भड़काऊ पोस्ट, पूछताछ कर रही पुलिस
- Shiv Kumar
- 12 Mar, 2026
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर देश विरोधी और भड़काऊ पोस्ट किए जाने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव से इन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में एफआईआर संख्या 77/26 दर्ज की गई है और पांच आरोपियों को पुलिस हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान मिली जानकारी
पुलिस के अनुसार इंटरनेट मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान कुछ सोशल मीडिया अकाउंट से देश विरोधी और भड़काऊ सामग्री पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इन पोस्टों के पीछे किस प्रकार का नेटवर्क काम कर रहा था और क्या इसके तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की भी जांच कर रही है।
UAPA के तहत कार्रवाई की तैयारी
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है। इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी उत्तर प्रदेश एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो को भी दे दी है, ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके। बताया जा रहा है कि हाल ही में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के बाद से ही पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






