गाजियाबाद में रेलवे स्टेशनों और सुरक्षाबलों की संवेदनशील वीडियोज बनाकर विदेशी नंबरों पर भेज रहे थे युवक, पुलिस ने 6 संदिग्धों को दबोचा
- Shiv Kumar
- 16 Mar, 2026
कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के थाना कौशांबी पुलिस ने संदिग्ध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों से जुड़ी संवेदनशील जगहों के वीडियो और फोटो बनाकर विदेशी नंबरों पर भेजते थे। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इस काम के बदले पैसे लेते थे और अन्य युवाओं को भी इस गतिविधि में शामिल होने के लिए लालच देते थे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शासकीय गुप्त अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक थाना कौशांबी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों की संवेदनशील जगहों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर विदेशी नंबरों पर भेज रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भोवापुर टी-पॉइंट के पास मदर डेयरी के सामने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम जानकारियां दीं, जिसके बाद पुलिस ने एक महिला आरोपी को भी आनंद विहार बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और लगातार संवेदनशील स्थानों की जानकारी बाहर भेज रहा था।
मोबाइल फोन से मिले कई अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें रेलवे स्टेशनों और सुरक्षा बलों की लोकेशन से जुड़े कई वीडियो और फोटो मिले हैं। इसके अलावा विदेशी नंबरों के साथ चैट भी बरामद हुई है, जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी इन जानकारियों को बाहर भेजते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी इस काम के बदले पैसे लेते थे और अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश करते थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके संपर्क किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर चल रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी जानकारी साझा की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के विदेशी संपर्क किन देशों से जुड़े हैं और उन्हें कितनी रकम भेजी जाती थी। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






