खाड़ी देशों के बीच युद्ध में गाजियाबाद के डॉ. चंदन के बहनोई की मौत, घर पर पसरा सन्नाटा, बॉडी जल्द भारत आने की संभावना

top-news
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह की मौत के बाद परिवार सदमे में है। खाड़ी देशों में तनाव के बीच उनका पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। परिवार ने सरकार से जल्द लाने की अपील की है।

खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यशोदा हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर चंदन के इंजीनियर बहनोई देवनंदन प्रसाद सिंह की मौत के बाद रविवार को घर में मातम पसरा रहा। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों का घर पर आना-जाना शुरू हो गया है। परिवार को अब पार्थिव शरीर के भारत लाए जाने का इंतजार है, जिसके तीन दिन के भीतर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


परिवार ने सरकार से की पार्थिव शरीर जल्द लाने की अपील

डॉ. चंदन ने बताया कि उनकी बहन कुमकुम सिंह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत गाजियाबाद बुला लिया गया है, ताकि परिवार साथ रह सके। उन्होंने बताया कि उनके बहनोई देवनंदन प्रसाद सिंह के निधन की सूचना उन्हें शिपिंग कंपनी की ओर से शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मिली। इसके बाद से परिवार लगातार अधिकारियों से संपर्क कर पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की मांग कर रहा है, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।


कोरोना में पिता को खो चुका है परिवार, अब नई त्रासदी

परिवार पहले ही एक बड़े सदमे से गुजर चुका है। डॉ. चंदन ने बताया कि उन्होंने अपने पिता को वर्ष 2021 में कोरोना के दौरान खो दिया था। अब इस नई घटना ने परिवार को फिर से गहरे दुख में डाल दिया है। उनकी मां फिलहाल गाजियाबाद में उनके साथ रहती हैं और इस खबर के बाद पूरे घर का माहौल बेहद गमगीन हो गया है।


रिश्तेदारों का तांता, हर कोई दे रहा सांत्वना

इस दुखद घटना के बाद राजनगर एक्सटेंशन स्थित घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। सभी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं। परिवार को अब सिर्फ इस बात का इंतजार है कि जल्द से जल्द पार्थिव शरीर भारत पहुंचे, ताकि अंतिम विदाई दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *