हापुड़ में जमकर बवाल, महाराणा प्रताप की रैली में छतों से बरसाए पत्थर, कई लोग घायल, हंगामे का वीडियो वायरल
- Shiv Kumar
- 09 May, 2026
हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा गांव में महाराणा प्रताप जयंती पर निकाली जा रही बाइक रैली के दौरान बड़ा बवाल हो गया। रैली के बाद महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ में बदल गया। घटना में 5 से 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें धौलाना सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दुकान पर कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर करीब 500 से ज्यादा युवक 100 से अधिक बाइक और कारों के साथ सिरोधन गांव से देहरा गांव तक रैली निकाल रहे थे। रैली के देहरा पहुंचने के बाद महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रैली में शामिल एक युवक दुकान पर सामान लेने पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर दुकानदार से उसकी बहस हो गई। कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दुकानदार ने अपने साथियों को बुला लिया, जबकि रैली में शामिल युवक भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई।
छत से गिराकर पीटा, कई गाड़ियों में तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई। इस दौरान 4 से 5 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कुछ युवक बचने के लिए मकानों की छतों पर चढ़ गए, लेकिन आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने एक युवक को दौड़ाकर छत से नीचे गिरा दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल अफसरों को सूचना दी, जिसके बाद कई थानों की फोर्स गांव पहुंची। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को संभाला। करीब डेढ़ घंटे तक इलाके में तनाव बना रहा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई जारी
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने गांव में लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एसपी केजी सिंह ने बताया कि दुकान पर हुए विवाद के बाद यह घटना हुई थी। फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और गांव में पुलिस बल तैनात कर निगरानी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






