सोशल मीडिया पर ठगी करने वाला अंतरराष्ट्रीय गिरोह नोएडा से अरेस्ट, लड़की बनकर करते थे ठगी, 19 मोबाइल और 18 सिम कार्ड बरामद
- Shiv Kumar
- 16 May, 2026
गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिनेडु, जेम्स संडे और जूल्स ककाओ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 14 मई को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 19 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 18 भारतीय व अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को जाल में फंसाते थे और अलग-अलग बहानों से उनसे पैसे ट्रांसफर करवाते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ऐसे बनाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर एक लड़की से हुई थी। बातचीत के दौरान लड़की ने दावा किया कि वह भारत आ चुकी है और मुंबई एयरपोर्ट पर उसका बैंक चेक भारतीय करेंसी में बदलवाने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस की जरूरत है। आरोपी महिला ने पीड़ित से 69 हजार 900 रुपए एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद जब और पैसों की मांग की गई, तब पीड़ित को ठगी का शक हुआ और उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया पर लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। फिर भारत आने, महंगे गिफ्ट भेजने या विदेशी मुद्रा एक्सचेंज करवाने का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठते थे।
अवैध तरीके से भारत आने का भी खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जेम्स संडे वर्ष 2022 में बांग्लादेश के रास्ते अवैध रूप से भारत आया था। वहीं चिनेडु और जूल्स क्रमशः 2018 और 2017 में स्टडी वीजा पर भारत पहुंचे थे। पुलिस को इनके पास से कोई वैध वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला है। इसके चलते मामले में पासपोर्ट एक्ट और फॉरेनर एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। साइबर क्राइम पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की रकम ट्रांसफर करने से पहले पूरी जानकारी जांचने की अपील की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






