एनसीआर में ट्रांसपोर्ट हड़ताल शुरू, गौतम बुद्ध नगर में भी दिखा असर
- Shiv Kumar
- 21 May, 2026
बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल व सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में एनसीआर में कमर्शियल वाहन चालकों की हड़ताल शुरू हो गई है। ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट यूनियन के आह्वान पर 21 से 23 मई तक टैक्सी, ऑटो और ट्रक चालकों ने हड़ताल का ऐलान किया है। इसका असर अब गौतम बुद्ध नगर में भी दिखाई देने लगा है। हालांकि पहले दिन स्थिति सामान्य रही, लेकिन आने वाले दो दिनों में परिवहन सेवाएं प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। गौतम बुद्ध नगर ट्रक ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष सोनू नागर ने बताया कि जिले की यूनियन भी इस हड़ताल में शामिल है और ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट यूनियन का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण वाहन चालकों का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि कमाई में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसके अलावा ओवरलोडिंग को लेकर कार्रवाई और पुलिस द्वारा अनावश्यक परेशान किए जाने की शिकायतें भी लंबे समय से बनी हुई हैं।
देर शाम तक जुटेंगे बड़ी संख्या में चालक
सोनू नागर के मुताबिक हड़ताल के पहले दिन हल्का असर इसलिए देखने को मिला क्योंकि सभी चालकों तक सूचना पहुंचाने का काम किया गया। उन्होंने बताया कि देर शाम तक बड़ी संख्या में ट्रक और कमर्शियल वाहन चालक एकत्रित होंगे। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को पूरी तरह चक्का जाम और हड़ताल की जाएगी। यूनियन का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
आने वाले दिनों में बढ़ सकती हैं लोगों की परेशानियां
फिलहाल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई सामान्य बनी हुई है। बाजारों में भी सप्लाई पर अभी कोई खास असर नहीं पड़ा है। लेकिन ट्रांसपोर्ट यूनियन ने संकेत दिए हैं कि अगले दो दिनों में ट्रक, टैक्सी और ऑटो की आवाजाही काफी कम हो सकती है। ऐसे में लोगों को यात्रा और सामान की सप्लाई को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






