प्रेम संबंध, हत्या और फिर विरोध प्रदर्शन, मेरठ में गरमाया ललिता गौतम मामला

top-news
मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या के बाद जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और SSP ने थप्पड़ मारे। 50 के खिलाफ मामला दर्ज, 7 गिरफ्तार।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीए की छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। मृतका के परिजनों, ग्रामीणों और दलित समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। घटना के बाद 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

15 मई को हुई थी छात्रा की हत्या

पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय बीए छात्रा ललिता गौतम की 15 मई को हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि आरोपी और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोबाइल फोन में कुछ फोटो और चैट देखने के बाद उसे मृतका पर किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक हुआ, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।

शव गन्ने के खेत से मिला, परिजनों ने उठाए सवाल

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने शव को रोहटा थाना क्षेत्र के उपसिया जंगल स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया था, जहां से बाद में शव बरामद किया गया। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। परिजनों ने पूरे मामले की गहन जांच, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने की कार्रवाई

ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर विभिन्न सामाजिक और दलित संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने पर आवश्यक कार्रवाई की गई। मामले में 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *