गुरुग्राम क्राइम ब्रांच का बड़ा ऑपरेशन, मुठभेड़ में 4 शूटर ढेर, कारोबारी के घर फायरिंग करने पहुंचे थे बदमाश
- Shiv Kumar
- 10 Jul, 2026
गुरुग्राम में गुरुवार को पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार अपराधी मारे गए, जबकि एक घायल हो गया। मुठभेड़ सुशांत लोक फेज-2 इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में कुछ हथियारबंद अपराधी मौजूद हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में सभी पांचों शूटर घायल हो गए।
व्यवसायी के घर फायरिंग करने पहुंचे थे शूटर
पुलिस के अनुसार, अपराधी एक व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इस व्यवसायी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर के नाम से लगातार फिरौती के संदेश मिल रहे थे। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और अपराधियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ही गोलीबारी शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में चार अपराधियों की मौत
पुलिस ने बताया कि अपराधियों की फायरिंग के बाद आत्मरक्षा और उन्हें पकड़ने के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान सभी पांच शूटरों को गोली लगी। पुलिस ने घायलों को तत्काल एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार अपराधियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक घायल अपराधी का इलाज जारी है।
मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल
मुठभेड़ के दौरान गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस की वरिष्ठ टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सीन ऑफ क्राइम टीम, एफएसएल और अन्य जांच एजेंसियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब मृत और घायल अपराधियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड, बरामद हथियारों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि आम लोगों में भय पैदा करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






