गाजियाबाद डबल मर्डर: बहन का छलका दर्द- बोली- जैसे मम्मी-पापा को मारा, वैसे ही इन्हें भी सजा मिले, दोनों आरोपी गिरफतार
- Shiv Kumar
- 22 Jul, 2026
रक्षाबंधन से पहले गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 20 जुलाई की रात माता-पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक दंपति की बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बेटी ने अपने भाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिन्होंने उनके माता-पिता की जान ली, उन्हें भी कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं
पुलिस और परिजनों के अनुसार, 20 जुलाई को छोटे बेटे ललित का जन्मदिन था। शाम को उसकी मां विमलेश ने बेटे की लंबी उम्र की कामना करते हुए घर में कीर्तन कराया था और परिवार के लिए भोजन भी बनाया गया था। लेकिन देर शाम घर में शराब पीने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि माता-पिता ने शराब पीने का विरोध किया, जिसके बाद दोनों बेटों का उनसे झगड़ा हो गया। देर रात विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने अपने पिता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं मां भी हमले का शिकार हो गईं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप- शराब की लत ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
मृतक दंपति की बेटियों और अन्य परिजनों का आरोप है कि दोनों आरोपी लंबे समय से शराब के आदी थे और अक्सर घर में विवाद करते थे। परिवार का कहना है कि पहले भी शराब के लिए घर में झगड़े होते थे और माता-पिता उन्हें कई बार समझाकर माफ कर देते थे। परिजनों का दावा है कि शराब की लत के कारण घर का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा था। घटना के बाद पूरे परिवार में गहरा सदमा है और आसपास के लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने जांच और तलाश के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






