गाजियाबाद में ड्रग्स तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, फायरिंग कर भाग रहे 3 आरोपी गिरफ्तार, 21 किलो ड्रग्स बरामद

top-news
गाजियाबाद के विजयनगर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 21 किलो ड्रग्स, दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी घायल हुए हैं।

गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 21 किलो ड्रग्स, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। कार्रवाई शनिवार देर रात विजयनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने की। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भागने के साथ पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पीछा करने के दौरान स्कूटी फिसल गई और तीनों आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में अनस और दिलशाद के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी असलम को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी गाजियाबाद, हापुड़, दिल्ली समेत एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में ड्रग्स की सप्लाई करते थे।


चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी

एसीपी कोतवाली उपासना पांडे के मुताबिक, शनिवार रात करीब 2 बजे विजयनगर पुलिस और सर्विलांस टीम को सूचना मिली थी कि स्कूटी सवार तीन लोग ड्रग्स की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर इंदिरापुरम से हिंडन बैराज की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध स्कूटी को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रुकने के बजाय तेज रफ्तार से पुश्ता रोड की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो कुछ दूरी पर स्कूटी फिसल गई और तीनों आरोपी भागने लगे।


पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, स्कूटी गिरने के बाद तीनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अनस के दोनों पैरों और दिलशाद के एक पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, तीसरे आरोपी असलम को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। घायल अनस और दिलशाद को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 21 किलो ड्रग्स बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, दो तमंचे और चार खोखे भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ड्रग्स की खेप छत्तीसगढ़ से लाई गई थी और मांग के अनुसार इसे एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब बरामद ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


मुख्य आरोपी अनस पर 18 से ज्यादा मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनस साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला पीर के पास का रहने वाला है। वहीं दिलशाद और असलम टीलामोड़ थाना क्षेत्र के फारुखनगर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अनस के खिलाफ 18 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले चेन लूट के मामले में भी जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 21 किलो ड्रग्स की खेप किस व्यक्ति के जरिए छत्तीसगढ़ से लाई गई थी और इसे एनसीआर के किन-किन इलाकों में पहुंचाया जाना था। जांच टीम आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *