गाजियाबाद की पार्श्वनाथ बिल्डिंग में चली गोली, युवक की मौत, चोरी के शक में सिक्योरिटी गार्ड ने लाइसेंसी हथियार से किया फायर

top-news
गाजियाबाद के अर्थला स्थित अर्धनिर्मित पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में सिक्योरिटी गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से चली गोली से समीर नामक युवक घायल हो गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गार्ड को हिरासत में लेकर हथियार बरामद किया है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला स्थित अर्धनिर्मित पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई थी। गोली समीर पुत्र नबी अहमद को लगी थी। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर उसका लाइसेंसी हथियार बरामद कर लिया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।


चोरी के शक में गार्ड ने चलाई गोली

पुलिस के मुताबिक, अर्धनिर्मित बिल्डिंग परिसर में कुछ युवक कथित तौर पर लोहे की सरिया और अन्य सामान चोरी कर रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पूछताछ में गार्ड ने पुलिस को बताया कि युवकों को डराने के उद्देश्य से उसने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई थी। इसी दौरान गोली समीर को लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

गोली लगने के बाद समीर को गंभीर हालत में उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए और सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में ले लिया। उसके लाइसेंसी हथियार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।


वायरल वीडियो की भी जांच कर रही पुलिस

घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इस वीडियो और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद गोली चलने की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और वहां वास्तव में क्या हुआ था।


मृतक पक्ष की तहरीर पर दर्ज होगा मुकदमा

पुलिस के अनुसार, मृतक पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर के आधार पर मामले में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सिक्योरिटी गार्ड पुलिस हिरासत में है और उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मौके पर स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *