गाजियाबाद में भीषण हादसा, आरोपियों को लेकर लौट रही पुलिस टीम की कार टैंकर से टकराई, सब इंस्पेक्टर ने अस्पताल में तोड़ा दम
- Shiv Kumar
- 13 Aug, 2026
दिल्ली से आरोपियों को गिरफ्तार कर मेरठ लौट रही पुलिस टीम की कार गुरुवार सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। बीकानेर बिल्डिंग के सामने हुए हादसे में कार की टक्कर टैंकर से हो गई। दुर्घटना में कार सवार पुलिसकर्मियों समेत सभी लोग घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान थाना मडराक, अलीगढ़ में तैनात उपनिरीक्षक उपेंद्र की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
दिल्ली में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया था
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को सुबह करीब 5 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में थाना मडराक, अलीगढ़ में तैनात उपनिरीक्षक उपेंद्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक सवार थे। पुलिस टीम दिल्ली में दबिश देने के बाद सत्येंद्र पुत्र जोगेंद्र और आशु पुत्र सत्येंद्र को गिरफ्तार कर मेरठ की ओर लौट रही थी। इसी दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यह दुर्घटना हो गई।
टैंकर से टक्कर के बाद मची अफरातफरी
बताया गया कि बीकानेर बिल्डिंग के सामने स्विफ्ट कार की टक्कर टैंकर से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान उपनिरीक्षक उपेंद्र ने दम तोड़ दिया, जबकि हेड कांस्टेबल नरेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल ऋतिक समेत अन्य घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था कायम है। वहीं, ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम के साथ हुए हादसे में सब इंस्पेक्टर की मौत से विभाग में शोक का माहौल है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






