सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत, पहले दिन का कलेक्शन जान आप भी हो जाऐंगे हैरान, करण जौहर ने की खुलकर तारीफ

top-news
सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। पहले दिन 32.10 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म को पॉजिटिव रिव्यू मिल रहे हैं। करण जौहर ने फिल्म को विजेता बताया।

देशभक्ति, जज्बा और दमदार एक्शन से भरपूर सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शकों के दिलों में उतर गई है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही फिल्म को पॉजिटिव रिव्यू मिल रहे हैं और इसका असर सीधे बॉक्स ऑफिस पर दिखाई दे रहा है। पहले ही दिन फिल्म ने करीब 32.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर मजबूत शुरुआत की है, जिससे मेकर्स और स्टारकास्ट बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।


देशभक्ति और इमोशन ने दर्शकों को किया भावुक
‘बॉर्डर 2’ में देश के लिए बलिदान, सैनिकों का जज्बा और भावनात्मक पलों को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है। यही वजह है कि थिएटर में बैठे दर्शक कई दृश्यों में भावुक होते नजर आए। फिल्म का निर्देशन, बैकग्राउंड स्कोर और एक्शन सीक्वेंस इसकी बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं। सनी देओल की दमदार मौजूदगी के साथ-साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने भी अपने-अपने किरदारों से फिल्म को मजबूती दी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में और उछाल देखने को मिल सकता है।


करण जौहर ने बताया फिल्म को ‘विजेता’
फिल्म देखने के बाद निर्माता-निर्देशक करण जौहर भी खुद को तारीफ करने से रोक नहीं पाए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘बॉर्डर 2’ का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि फिल्म के कई सीन उन्हें रुला गए और देशभक्ति को उन्होंने दिल से महसूस किया। करण जौहर ने इसे “तय तौर पर विजेता” बताया और पूरी टीम की मेहनत की सराहना की। उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।


वरुण धवन की ट्रोलिंग पर करण जौहर का करारा जवाब
करण जौहर ने वरुण धवन को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का शोर अस्थायी होता है, जबकि असली जीत सच्चे दर्शकों के प्यार से मिलती है। करण के मुताबिक, जब कोई फिल्म हाउसफुल चलती है और ऑडियंस का प्यार मिलता है, तब वही कलाकार मुस्कुराता है। उन्होंने साफ कहा कि क्लिकबेट और ट्रोलिंग करने वालों का शोर अंत में बेकार साबित होता है।


वरुण धवन बोले- मेरा काम बोलेगा
इससे पहले वरुण धवन भी ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि शोर को नजरअंदाज कर अपने काम को बोलने देना चाहिए। वरुण का मानना है कि उन्हें नंबरों से ज्यादा एक अच्छी फिल्म बनाने पर भरोसा है। उनके मुताबिक, जब दर्शक थिएटर जाते हैं तो वे सिर्फ एंटरटेन होना चाहते हैं और कलाकार का काम ही उसकी असली पहचान बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *