बॉक्स ऑफिस में बॉर्डर-2 ने मचाया कमाल-धमाल, चार दिनों में दो फिल्मों के तोड़े रिकॉर्ड, कमाई पहुंच गई ढाई सौ करोड़ के पार

top-news
सनी देओल और वरुण धवन की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने चार दिनों में दुनियाभर में 250 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। रिपब्लिक डे पर रिकॉर्ड कलेक्शन के साथ फिल्म 300 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच गई है।

 सनी देओल और वरुण धवन स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज चार दिनों में ही इस फिल्म ने दुनियाभर में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। रिपब्लिक डे के मौके पर फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला, जिससे कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिला। देशभक्ति के रंग में रंगी इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और सिनेमाघरों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। फिल्म की मजबूत कहानी, भव्य एक्शन सीक्वेंस और सशक्त स्टारकास्ट इसे साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल कर चुकी है।


रिपब्लिक डे पर रिकॉर्डतोड़ कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, 26 जनवरी यानी रिलीज के चौथे दिन ‘बॉर्डर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अकेले 59 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस दिन हिंदी में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 64.27 प्रतिशत रही, जो किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। एक्सटेंडेड ओपनिंग वीकेंड के दौरान फिल्म ने भारत में कुल 180 करोड़ रुपये नेट और करीब 212.5 करोड़ रुपये ग्रॉस की कमाई कर ली है। खास बात यह रही कि कई शहरों में मॉर्निंग शो रद्द होने के बावजूद फिल्म की कमाई पर इसका खास असर नहीं पड़ा। दर्शकों में देशभक्ति का जज्बा और फिल्म की लोकप्रियता ने इसे मजबूत सहारा दिया।


विदेशी बाजारों में भी दिखा जलवा
घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ ‘बॉर्डर 2’ ने इंटरनेशनल मार्केट में भी दमदार प्रदर्शन किया है। विदेशी बाजारों में फिल्म अब तक करीब 4.3 मिलियन डॉलर का कारोबार कर चुकी है। इसके साथ ही चार दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 251 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श के अनुसार, चौथे दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 63.59 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जिससे ऑफिशियल नेट कलेक्शन 193.48 करोड़ रुपये हो गया है। इन आंकड़ों ने फिल्म को 300 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंचा दिया है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह आंकड़ा बुधवार तक पार कर लिया जाएगा।


बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे, 300 करोड़ क्लब की ओर बढ़त
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ ने पहले ही दिन 30 करोड़ रुपये नेट की दमदार ओपनिंग की थी। इसके बाद अगले तीन दिनों में फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह है कि इस फिल्म ने सलमान खान की ‘सिकंदर’ और अजय देवगन की ‘रेड 2’ जैसी बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म साल 2026 की पहली बड़ी टेंट पोल रिलीज मानी जा रही है। यह जेपी दत्ता की 1997 की आइकॉनिक ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जिसने अपने दौर में इतिहास रच दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *