सलमान की फिल्म ‘मातृभूमि’ की टल गई रिलीड डेट, जानें क्यों लिया पोस्टपोन करने का फैसला, नई रिलीज डेट को लेकर आई ये खबर!

top-news
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज डेट टल सकती है। प्रशांत तमांग के निधन और शूटिंग से जुड़ी दिक्कतों के चलते मेकर्स नए फैसले पर विचार कर रहे हैं। अब फिल्म की नई रिलीज डेट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की रिलीज डेट फिलहाल टाल दी गई है। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक इस बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पहले यह फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब स्क्रिप्ट में बदलाव और कुछ अनपेक्षित परिस्थितियों के चलते इसकी रिलीज आगे बढ़ती नजर आ रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था, लेकिन अब उन्हें थोड़ी और इंतजार करना पड़ सकता है।


प्रशांत तमांग के निधन से प्रोजेक्ट को झटका

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की देरी की एक बड़ी वजह एक्टर और सिंगर प्रशांत तमांग का अचानक निधन बताया जा रहा है। उन्हें फिल्म में मुख्य विलेन के रोल के लिए साइन किया गया था और उन्होंने कई अहम सीन की शूटिंग भी पूरी कर ली थी। हालांकि, कुछ महत्वपूर्ण हिस्सों की शूटिंग बाकी थी, जो अब अधूरी रह गई है। सूत्रों के मुताबिक, उनके जाने के बाद टीम के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है, क्योंकि उनके रोल का फिल्म में काफी अहम हिस्सा था।


रीशूट, VFX और कास्टिंग को लेकर उलझन

फिल्म की टीम ने शुरुआत में उनके सीन दोबारा शूट करने का विकल्प सोचा था, लेकिन यह आसान नहीं है। खासतौर पर बड़े एक्शन सीक्वेंस को फिर से शूट करना न सिर्फ महंगा है, बल्कि तकनीकी रूप से भी मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में मेकर्स अब दो विकल्पों पर विचार कर रहे हैं—या तो किसी दूसरे एक्टर को इस रोल में लिया जाए या फिर AI और VFX के जरिए बचे हुए सीन पूरे किए जाएं। हालांकि, इसके लिए प्रशांत तमांग के परिवार की अनुमति जरूरी होगी।


सलमान की डेट्स और लुक कंटिन्यूटी भी बनी चुनौती

फिल्म की देरी की एक और वजह सलमान खान की डेट्स का उपलब्ध न होना भी बताया जा रहा है। इसके साथ ही उनके लुक की कंटिन्यूटी बनाए रखना भी टीम के लिए मुश्किल बन गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स इस महीने के आखिर तक कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं, ताकि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू किया जा सके। बता दें कि पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ रखा गया। फिल्म को सलमा खान ने प्रोड्यूस किया है, जबकि अपूर्व लाखिया इसके डायरेक्टर हैं। चर्चा है कि फिल्म को अब स्वतंत्रता दिवस के आसपास रिलीज किया जा सकता है, हालांकि इस पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *