धुरंधर-2 की हो रही तारीफ, रजनीकांत ने कहा- शानदार फिल्म, आदित्य धर बोले- बॉक्स ऑफिस का बाप

top-news
रजनीकांत ने धुरंधर 2 की जमकर तारीफ करते हुए इसे हर भारतीय के लिए मस्ट वॉच बताया। उनके बयान के बाद डायरेक्टर आदित्य धर भावुक हो गए। साउथ के कई बड़े सितारों ने भी फिल्म की सराहना की है, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

सुपरस्टार रजनीकांत ने धुरंधर 2 की जमकर तारीफ करते हुए इसे हर भारतीय के लिए मस्ट वॉच फिल्म बताया है। उनके इस बयान के बाद फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर काफी भावुक नजर आए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रजनीकांत ने फिल्म की सराहना करते हुए लिखा कि यह शानदार फिल्म है और आदित्य धर बॉक्स ऑफिस के बाप हैं। उन्होंने रणवीर सिंह समेत पूरी कास्ट और क्रू को बधाई दी और दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की। इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।


आदित्य धर ने कहा- यह मेरे जीवन का सबसे खास पल
रजनीकांत की तारीफ पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य धर ने इसे अपने करियर का सबसे बड़ा और इमोशनल मोमेंट बताया। उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही रजनीकांत को एंटरटेनमेंट का सबसे बड़ा बेंचमार्क मानते आए हैं। उन्होंने लिखा कि “आपका इस फिल्म को मस्ट वॉच कहना मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।” आदित्य ने आगे कहा कि यह पल उनके लिए सपने जैसा है और यह सीधे दिल को छू गया। उन्होंने रजनीकांत का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे महान कलाकार से मिली सराहना उन्हें और बेहतर काम करने की प्रेरणा देती है।


साउथ के सितारों ने भी की जमकर सराहना
रजनीकांत से पहले भी कई बड़े साउथ एक्टर्स फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। महेश बाबू ने फिल्म को शानदार बताते हुए कहा कि यह दमदार तरीके से बनाई गई है और रणवीर सिंह का यह अब तक का बेहतरीन प्रदर्शन है। वहीं अल्लू अर्जुन ने इसे देशभक्ति और स्वैग का बेहतरीन मिश्रण बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में कई ऐसे पल हैं जहां दर्शक तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाएंगे। लगातार मिल रही तारीफों के बीच फिल्म की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती नजर आ रही है।


राम चरण और जूनियर एनटीआर ने बताया दमदार फिल्म
इसके अलावा रामचरण और जूनियर एनटीआर ने भी फिल्म की सराहना की है। राम चरण ने इसे रॉ, ग्रिपिंग और इम्पैक्टफुल बताया, वहीं जूनियर एनटीआर ने फिल्म की कहानी और प्रेजेंटेशन की तारीफ की। फिल्म में रणवीर सिंह, आर.माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। लगातार मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स के चलते फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *