83 साल की उम्र में भी नहीं थमी अमिताभ बच्चन की रफ्तार, एक ही दिन में पूरी कर डालीं 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग
- Shiv Kumar
- 13 Jun, 2026
हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन 83 वर्ष की उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं और अपनी ऊर्जा से युवा कलाकारों को भी प्रेरित कर रहे हैं। सोशल मीडिया और ब्लॉग के जरिए प्रशंसकों से जुड़े रहने वाले अमिताभ ने हाल ही में अपने ब्लॉग में एक ऐसा खुलासा किया, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक ही दिन में 12 शॉर्ट फिल्मों और दो स्टिल शूट का काम पूरा किया। उनकी यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और समर्पण के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
एक दिन में 12 शॉर्ट फिल्में और दो स्टिल शूट किए पूरे
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में कुछ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पूरे दिन लगातार काम किया। उन्होंने लिखा कि एक ही दिन में 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग और दो स्टिल शूट पूरे किए। इसके बाद भी वह अपने प्रशंसकों से संवाद करने के लिए ब्लॉग लिखने में जुटे रहे। ब्लॉग में उन्होंने कहा कि "काम तो काम है" और लोगों से जुड़े रहने की यह प्रक्रिया कभी रुकनी नहीं चाहिए। तस्वीरों में बिग बी स्क्रिप्ट पढ़ते और तैयारी करते नजर आए, जिससे उनके पेशेवर रवैये की झलक साफ दिखाई देती है।
काम के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने तैयारी और अनुशासन को सफलता का सबसे बड़ा मंत्र बताया। उन्होंने लिखा कि किसी भी काम के दिन से पहले पूरी लगन के साथ अध्ययन और अभ्यास करना चाहिए। परिस्थितियां कैसी भी हों, काम के साथ समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि चाहे एयर कंडीशंड पायजामा ही क्यों न पहन रखा हो, लेकिन तैयारी में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। उनका मानना है कि मेहनत और निरंतर सीखने की आदत ही व्यक्ति को लंबे समय तक सफल बनाए रखती है।
'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में नजर आएंगे महानायक
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों कल्की 2898 AD के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं। निर्देशक नाग अश्विन की इस फिल्म में उनके साथ प्रभास, कमल हासन, दीपिका पादुकोण और दिशा पटानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के पहले भाग में अमिताभ के किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब सीक्वल को लेकर भी उत्साह बना हुआ है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






