'इक्का' का दमदार ट्रेलर रिलीज, अक्षय खन्ना ने सनी देओल को दी कड़ी चुनौती, फैंस बोले- अब होगा असली मुकाबला

top-news
सनी देओल और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म 'इक्का' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। 29 साल बाद दोनों कलाकार साथ नजर आएंगे। कोर्टरूम ड्रामा और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित यह फिल्म 10 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

सनी देओल और अक्षय खन्ना की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'इक्का' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म 'धुरंधर' में रहमान डकैत के किरदार से सराहना बटोर चुके अक्षय खन्ना अब एक बार फिर दमदार अंदाज में नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि करीब 29 साल बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी यह फिल्म केवल कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि परिवार, रिश्तों और कठिन परिस्थितियों में लिए जाने वाले फैसलों की भावनात्मक कहानी भी है। ट्रेलर में सनी देओल का संवाद, "हम कोर्ट में जीतने के लिए नहीं, हक के लिए लड़ते हैं," फिल्म की गंभीर कहानी की झलक देता है और दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।


हत्या की कोशिश का केस बदलेगा पूरी कहानी

फिल्म में सनी देओल अर्जुन मेहरा नाम के वकील की भूमिका निभा रहे हैं, जो हत्या की कोशिश के एक चर्चित मामले में शौर्यमान गौर का बचाव करते हैं। इस किरदार को अक्षय खन्ना निभा रहे हैं। अदालत में चलने वाली कानूनी लड़ाई के बीच अर्जुन की निजी और पेशेवर जिंदगी उलझती चली जाती है, जिससे उन्हें अपने सिद्धांतों और फैसलों पर दोबारा विचार करना पड़ता है। फिल्म में तिलोत्तमा शोम अभियोजन पक्ष की वकील मधुरा बनर्जी के रूप में नजर आएंगी, जबकि दीया मिर्जा अर्जुन की पत्नी अवंतिका की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर से साफ है कि कहानी केवल अदालत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर किरदार के जीवन में आने वाले बदलावों को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।


10 जुलाई से ओटीटी पर रिलीज होगी फिल्म
फिल्म को लेकर सनी देओल ने कहा कि 'इक्का' केवल एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि रिश्तों, परिवार और मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसले लेने की कहानी है। उन्होंने बताया कि अर्जुन मेहरा का किरदार उन्हें इसलिए पसंद आया क्योंकि वह हर हाल में सच का साथ देता है, लेकिन हालात उसे खुद से सवाल करने पर मजबूर कर देते हैं। सनी ने यह भी कहा कि यह उनकी पहली डायरेक्ट-टू-स्ट्रीमिंग रिलीज है, जिसे दुनिया भर के दर्शक देख सकेंगे। वहीं, दीया मिर्जा ने अपनी भूमिका को परिवार को मजबूती देने वाले किरदार के रूप में बताया। फिल्म की कहानी अल्थिया कौशल और मयंक तिवारी ने लिखी है, जबकि इसका निर्माण एल्केमी फिल्म्स ने किया है। 'इक्का' 10 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *