रजनीकांत फिर मचाएंगे धमाल! 'जेलर 2' की रिलीज डेट घोषित, बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें

top-news
रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' 15 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। मेकर्स ने दमदार टीजर के साथ रिलीज डेट का ऐलान किया है। फिल्म में कई बड़े सितारे नजर आएंगे और फैंस को इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का बेसब्री से इंतजार है।

सुपरस्टार रजनीकांत के प्रशंसकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने एक दमदार अनाउंसमेंट वीडियो जारी करते हुए फिल्म की पहली झलक दिखाई है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह फिल्म साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर 'जेलर' का सीक्वल है। निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। खबरें यह भी हैं कि फिल्म में अभिनेता ऋतिक रोशन कैमियो रोल में नजर आ सकते हैं, हालांकि मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।


टीजर में दिखी दमदार स्टारकास्ट, फिर लौटेंगे 'टाइगर' मुथुवेल पांडियन

रिलीज डेट के साथ जारी किए गए टीजर में फिल्म की भव्य स्टारकास्ट की भी झलक दिखाई गई है। सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में रजनीकांत के अलावा मोहनलाल, शिवा राजकुमार, विजय सेतुपति, मिथुन चक्रवर्ती, एसजे सूर्या, राम्या कृष्णन, विद्या बालन और योगी बाबू जैसे कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर अपने चर्चित किरदार 'टाइगर' मुथुवेल पांडियन के रूप में वापसी कर रहे हैं। कुछ दिन पहले रजनीकांत ने बताया था कि फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। अब रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।


क्या 'जेलर 2' तोड़ पाएगी पहले भाग की कमाई का रिकॉर्ड?

साल 2023 में रिलीज हुई 'जेलर' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। फिल्म ने दुनियाभर में 650 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। यह '2.0' के बाद सबसे तेजी से 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली तमिल फिल्मों में शामिल हुई थी। पहले भाग में रजनीकांत के साथ वसंत रवि, तमन्ना भाटिया, योगी बाबू, राम्या कृष्णन, विनायकन, शिवा राजकुमार, मोहनलाल और जैकी श्रॉफ ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं, जबकि संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया था। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या 'जेलर 2' पहले भाग की शानदार सफलता को पीछे छोड़ते हुए बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *