दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज' आखिर OTT से क्यों हटाई गई? सामने आई बड़ी वजह, जानिए पूरा मामला
- Shiv Kumar
- 07 Jul, 2026
अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्देश केंद्र सरकार ने दिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी नियम-2021 के तहत सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए की गई। फिल्म हाल ही में ओटीटी पर रिलीज हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद इसे प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया। इस फैसले के बाद फिल्म एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है फिल्म
फिल्म ‘सतलुज’ पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है। कहानी 1990 के दशक के पंजाब की पृष्ठभूमि पर केंद्रित है। इससे पहले फिल्म का शीर्षक ‘पंजाब 95’ था और इसे वर्ष 2022 में सेंसर प्रमाणन के लिए भेजा गया था। सूत्रों के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कई बदलाव और कट लगाने का सुझाव दिया था, लेकिन निर्माता इन बदलावों पर सहमत नहीं हुए। बाद में फिल्म नए नाम के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी गई।
सरकार ने नियमों के पालन पर दिया जोर
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सामग्री का नियमन सूचना प्रौद्योगिकी नियम-2021 के तहत होता है। सुरक्षा संबंधी पहलुओं को देखते हुए प्लेटफॉर्म को फिल्म हटाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्माता फिल्म को सिनेमाघरों या ओटीटी पर जारी करना चाहते हैं, तो उन्हें निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और नियमों का पालन करना होगा। फिल्म हटाए जाने के बाद दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया के माध्यम से निराशा व्यक्त की। वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म ने दर्शकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की पायरेटेड सामग्री का समर्थन न करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






