मिर्जापुर द मूवी के फैन हुए करण जौहर! बोले सॉलिड, कड़क और मसालेदार है फिल्म
- Babli Ansari
- 05 Sep, 2026
मिर्जापुर की दुनिया अब ओटीटी से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंच चुकी है और फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा है। 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई मिर्जापुर द मूवी में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु समेत फ्रेंचाइजी के कई चर्चित कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म रिलीज होने के बाद बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर ने भी मिर्जापुर द मूवी पर अपना रिएक्शन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए फिल्म की तारीफ की और इसे सॉलिड, कड़क और मसालेदार राइड बताया। करण ने यह भी कहा कि उन्हें मिर्जापुर सीरीज पसंद है और उन्होंने फिल्म को खूब एंजॉय किया।
पुराने किरदारों और नए चेहरों की तारीफ
करण जौहर ने फिल्म के पुराने और लोकप्रिय किरदारों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फिल्म में पुराने किरदार अपनी चमक बरकरार रखते हैं और नए किरदारों के लिए भी रास्ता बनाते हैं।
मिर्जापुर द मूवी में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के रूप में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में इन किरदारों के साथ नए चेहरे और नए समीकरण भी कहानी को आगे बढ़ाते हैं।
सीरीज नहीं देखी तो भी पसंद आएगी फिल्म
करण जौहर की प्रतिक्रिया में एक और बात खास रही। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मिर्जापुर की पिछली सीरीज नहीं देखी है, वे भी फिल्म को पसंद कर सकते हैं। यानी मेकर्स ने कहानी को इस तरह पेश करने की कोशिश की है कि पुराने फैंस के साथ नए दर्शक भी इससे जुड़ सकें।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी मिर्जापुर की उसी अपराध और सत्ता की दुनिया को बड़े पर्दे पर आगे बढ़ाती है, जिसके लिए यह फ्रेंचाइजी जानी जाती है।
बड़े पर्दे पर मिर्जापुर का भौकाल
मिर्जापुर द मूवी की रिलीज के साथ ही कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे किरदार फिर सुर्खियों में हैं। फिल्म में एक्शन, अपराध, सत्ता की लड़ाई और पुराने किरदारों की वापसी को बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश किया गया है।
जहां करण जौहर ने फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, वहीं फिल्म को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग भी देखने को मिल रही हैं। अब आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन बताएगा कि मिर्जापुर का ओटीटी वाला भौकाल बड़े पर्दे पर कितना असर छोड़ पाता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






