‘शक: ट्रस्ट नो वन’ में खोए बच्चे की तलाश करेंगी परिणीति चोपड़ा, 24 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर शुरू होगी कहानी
- Shiv Kumar
- 07 Sep, 2026
बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अब वेब सीरीज की दुनिया में अपना पहला कदम रखने जा रही हैं। अभिनेत्री जल्द ही नेटफ्लिक्स की मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। यह कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने लापता बच्चे को खोजने के लिए नौ साल तक लगातार संघर्ष करती है। कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, रहस्य और गहरे होते जाते हैं और भरोसे से ज्यादा शक अहम हो जाता है। परिणीति इससे पहले ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ और ‘अमर सिंह चमकीला’ जैसी डायरेक्ट-टू-डिजिटल फिल्मों में नजर आ चुकी हैं, लेकिन ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ उनके करियर की पहली वेब सीरीज होगी। सीरीज में उनके साथ जेनिफर विंगेट, सोनी राजदान, ताहिर राज भसीन और सुमीत व्यास समेत कई जाने-माने कलाकार दिखाई देंगे।
24 सितंबर को रिलीज होगी सीरीज
मेकर्स ने सोमवार को सीरीज की रिलीज डेट का ऐलान किया है। ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ 24 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसे एक मिस्ट्री थ्रिलर के तौर पर पेश किया गया है, जिसमें एक मां की नौ साल लंबी तलाश कहानी का सबसे अहम हिस्सा है। सीरीज की कहानी सिर्फ बच्चे की तलाश तक सीमित नहीं है। इसमें भरोसा और शक, सहज-बुद्धि और सच्चाई के बीच का फर्क भी देखने को मिलेगा। इसके साथ ही प्यार कब जुनून में बदल जाता है, कहानी इस पहलू को भी सामने लाएगी। ऐसे में दर्शकों के सामने लगातार नए सवाल खड़े होने की उम्मीद है।
रेन्सिल डी’सिल्वा कर रहे हैं निर्देशन
‘शक: ट्रस्ट नो वन’ को रेन्सिल डी’सिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने बनाया है। रेन्सिल डी’सिल्वा ने ही सीरीज का निर्देशन किया है, जबकि एल्केमी फिल्म्स इसके प्रोडक्शन से जुड़ी है। इस प्रोजेक्ट के साथ डी’सिल्वा नेटफ्लिक्स पर अपना डेब्यू कर रहे हैं। सीरीज के बारे में बात करते हुए रेन्सिल ने कहानी में मौजूद अनिश्चितता को इसकी खासियत बताया है। उनके मुताबिक, कहानी में होने वाले खुलासे कई बार जवाब देने के बजाय नए सवाल खड़े करते हैं। एक मां की नौ साल की तलाश इस पूरी थ्रिलर कहानी में भावनात्मक आधार तैयार करती है। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा इस प्रोजेक्ट से क्रिएटर और प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं। ‘त्रिभंग’, ‘महाराज’ और ‘इक्का’ के बाद नेटफ्लिक्स के साथ यह उनका चौथा कोलेबोरेशन है।
सीरीज में नजर आएगी दमदार स्टारकास्ट
परिणीति चोपड़ा के अलावा ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ में जेनिफर विंगेट, सोनी राजदान, ताहिर राज भसीन, हरलीन सेठी, अनूप सोनी, ध्रुव चौधरी और सुमीत व्यास जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी की शुरुआत एक लापता बच्चे की तलाश से होती है, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ कई नए सवाल सामने आते हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस पर भरोसा किया जा रहा है, क्या वह वास्तव में भरोसे के लायक है? अब परिणीति इस रहस्यमयी कहानी में मां के किरदार को किस तरह पर्दे पर उतारती हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






