‘द वन’ के ट्रेलर में अपना गाना सुनकर भड़के वोकलिस्ट, बोले- बिना अनुमति इस्तेमाल किया, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

top-news
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' के ट्रेलर को लेकर म्यूजिक कंपोजर सरगम वैश ने बिना अनुमति उनका गाना इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रेलर का हिस्सा दिखाते हुए मेकर्स से गाना हटाने और वैध लाइसेंस होने पर जानकारी देने की मांग की है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म 'द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' रिलीज से पहले ही विवाद में आ गई है। म्यूजिक कंपोजर और वोकलिस्ट सरगम वैश ने फिल्म के ट्रेलर में उनके गाने के कथित तौर पर बिना अनुमति इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। रविवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर इस बारे में जानकारी दी। सरगम वैश का कहना है कि फिल्म के ट्रेलर में उनके ओरिजिनल गाने 'अयिगिरी नंदिनी' के हिस्से का इस्तेमाल किया गया, जबकि इसके लिए उन्होंने कोई अनुमति या सहमति नहीं दी थी। उन्होंने फिल्म मेकर्स से गाना हटाने की अपील की है और कहा है कि जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।


ट्रेलर में गाना इस्तेमाल करने का लगाया आरोप

सरगम वैश ने सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में कहा कि उन्होंने हाल ही में 'द वन' का ऑफिशियल ट्रेलर देखा। उनके मुताबिक, ट्रेलर में उनके ओरिजिनल गाने का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने ट्रेलर के उस हिस्से को भी वीडियो में दिखाया, जहां कथित तौर पर उनका गाना सुनाई दे रहा है। सरगम वैश के अनुसार, गाने का इस्तेमाल ट्रेलर में करीब 1 मिनट 8 सेकंड से 1 मिनट 30 सेकंड के बीच किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार के काम को उसकी अनुमति के बिना इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।


'अयिगिरी नंदिनी' पर क्या बोले सरगम वैश

सरगम वैश ने बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से 'अयिगिरी नंदिनी' पर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि फिल्म के ट्रेलर या उसके प्रमोशन में अपने संगीत के इस्तेमाल के लिए उन्होंने किसी तरह की अनुमति नहीं दी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ इस काम को लेकर पहले ही कॉन्ट्रैक्ट किया हुआ है। उनके मुताबिक, बिना अनुमति गाने का इस्तेमाल होने से उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर भी असर पड़ सकता है। इसी वजह से उन्होंने मामले को सार्वजनिक करते हुए मेकर्स से गाना हटाने की मांग की है।


मेकर्स से संपर्क करने और गाना हटाने की अपील

सरगम वैश ने संबंधित टीम से सीधे संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर उनके संगीत के इस्तेमाल के लिए कोई वैध अनुमति या लाइसेंस लिया गया है तो उन्हें इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों से भी इस मामले में उनका समर्थन करने और पोस्ट को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की। अपने संदेश में उन्होंने स्वतंत्र कलाकारों के काम और अधिकारों के सम्मान की बात कही।


फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

'द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में श्वेता तिवारी, मनीष पॉल और अनूप सोनी भी नजर आएंगे। फिल्म को टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से बालाजी मोशन पिक्चर्स की ओर से प्रस्तुत किया गया है। अरुणाभ कुमार ने इसकी कहानी लिखी है, जबकि दीपक मिश्रा निर्देशन कर रहे हैं। मनु आनंद डीओपी और विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *