भारत में AI पर माइक्रोसॉफ्ट का बड़ा दांव, जानिए किस शहर में बनेगा सबसे बड़ा डेटा सेंटर
- Shiv Kumar
- 21 May, 2026
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्टअब भारत में बड़ा निवेश कर रही है। कंपनी ने घोषणा की है कि भारत में उसका सबसे बड़ा डेटा सेंटर 2026 के मध्य तक शुरू हो जाएगा। यह सेंटर खासतौर पर AI और क्लाउड सर्विसेज की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने बताया कि भारत कंपनी के लिए तेजी से उभरता हुआ AI मार्केट बन चुका है। देश में इंटरनेट यूजर्स की बड़ी संख्या और टेक्नोलॉजी टैलेंट की वजह से माइक्रोसॉफ्ट यहां अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में AI आधारित सर्विसेज की मांग और तेजी से बढ़ेगी, इसलिए भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करना जरूरी है। माइक्रोसॉफ्ट का यह निवेश एशिया में कंपनी के सबसे बड़े टेक निवेशों में शामिल माना जा रहा है।
Azure और Copilot AI की बढ़ रही जबरदस्त मांग
रिपोर्ट के मुताबिक भारत में माइक्रोसॉफ्ट एज़्योर क्लाउड सर्विस और माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट एआई असिस्टेंट की मांग तेजी से बढ़ रही है। कंपनी का दावा है कि कॉरपोरेट सेक्टर से लेकर आईटी कंपनियों तक AI टूल्स का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। माइक्रोसॉफ्ट का 30 डॉलर प्रति महीने वाला को-पायलट 365 AI असिस्टेंट भारतीय कंपनियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। बड़ी आईटी कंपनियां जैसे इंफोसिस, कॉग्निजेंट और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज इस सर्विस का बड़े स्तर पर इस्तेमाल कर रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार इन कंपनियों के पास करीब 50 हजार तक लाइसेंस मौजूद हैं। माइक्रोसॉफ्ट का मानना है कि भारत आने वाले वर्षों में AI सर्विसेज के लिए दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में शामिल हो सकता है।
हैदराबाद बनेगा माइक्रोसॉफ्ट का बड़ा AI हब
कंपनी ने पिछले साल भारत में करीब 17.5 बिलियन डॉलर यानी लगभग 1.45 लाख करोड़ रुपए निवेश करने की घोषणा की थी। इसके बाद 2025 की शुरुआत में 3 बिलियन डॉलर का अतिरिक्त निवेश भी घोषित किया गया। इस बड़े निवेश का अहम हिस्सा हैदराबाद में बनने वाला नया डेटा सेंटर है। माइक्रोसॉफ्ट अधिकारियों के मुताबिक यह कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी फैसिलिटी होगी। हालांकि इसकी सटीक क्षमता के बारे में जानकारी साझा नहीं की गई है। कंपनी का कहना है कि यह डेटा सेंटर भारत में AI और क्लाउड सर्विसेज के बढ़ते ग्राहक आधार को सपोर्ट करेगा। साथ ही इससे देश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी।
भारत को AI मार्केट के तौर पर देख रही वैश्विक कंपनियां
माइक्रोसॉफ्ट के अलावा Amazon और Alphabet Inc. जैसी वैश्विक कंपनियां भी भारत को AI के बड़े बाजार के रूप में देख रही हैं। टेक विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में AI आधारित सर्विसेज, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग आने वाले वर्षों में कई गुना बढ़ सकती है। ऐसे में माइक्रोसॉफ्ट का यह निवेश भारतीय टेक सेक्टर के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






