60 सेकेंड में 2 भूकंप से थर्राया वेनेजुएला, 7.2 और 7.5 तीव्रता के झटकों से कई शहर तबाह, बचाव कार्य जारी
- Shiv Kumar
- 25 Jun, 2026
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, पहले 7.2 और उसके कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका आया। इन भूकंपों का समय स्थानीय स्तर पर 6.34 और 6.35 बजे बताया गया, जबकि भारत में यह घटना गुरुवार तड़के हुई। भूकंप का केंद्र राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में रहा। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार अब तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि कई इमारतें ढह गई हैं।
कई शहरों में इमारतें ढहीं, एयरपोर्ट को भी नुकसान
भूकंप के तेज झटकों से कराकस समेत कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई इमारतें खतरनाक तरीके से झुक गईं। कराकस एयरपोर्ट की छत का हिस्सा गिरने से वहां धूल का बड़ा गुबार उठता देखा गया। प्रशासन ने कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने और पानी की पाइपलाइन फटने की जानकारी दी है। एहतियात के तौर पर मेट्रो और ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई हैं। कई स्थानों पर मलबा हटाने और राहत कार्य तेजी से जारी है।
126 साल का सबसे बड़ा भूकंप, राष्ट्रीय आपातकाल घोषित
अधिकारियों के मुताबिक यह पिछले 126 वर्षों में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। इससे पहले 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। उन्होंने राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं और घायलों के इलाज के लिए मेडिकल टीमों को सक्रिय किया गया है।
दक्षिण अमेरिकी देशों ने मदद की पेशकश की
ब्राजील, अर्जेंटीना, मेक्सिको, कोलंबिया समेत आठ दक्षिण अमेरिकी देशों ने वेनेजुएला को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। कई देशों ने राहत सामग्री और रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं अमेरिका समेत अन्य देशों ने भी मदद की पेशकश की है। राहत एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






