ईरान में शादी समारोह के दौरान अमेरिकी मिसाइल हमला, एक बच्चे समेत 5 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
- Shiv Kumar
- 02 Sep, 2026
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच दक्षिणी ईरान से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। होर्मुजगन प्रांत के सिरिक काउंटी के कुहेस्तक शहर में एक रिहायशी घर पर अमेरिकी मिसाइल हमले के दौरान शादी समारोह चल रहा था। हमले के बाद मिसाइल के टुकड़े घर के अंदर जा गिरे, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। ईरानी रेड क्रिसेंट के मुताबिक, घटना में शुरुआत में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था। बाद के अपडेट में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। वहीं, 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात कही गई है।
शादी के बीच मची चीख-पुकार
ईरानी रेड क्रिसेंट के अनुसार, जिस वक्त हमला हुआ, उस समय कुहेस्तक के एक घर में शादी का समारोह चल रहा था। अचानक अमेरिकी मिसाइल के टुकड़े रिहायशी इलाके में आ गिरे और वहां अफरा-तफरी मच गई। घायलों को निकालने के लिए बचाव दलों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। ईरानी सरकारी मीडिया की ओर से जारी वीडियो में घटनास्थल पर मलबा और इमारत को हुआ भारी नुकसान दिखाई दे रहा है। वीडियो में लोगों के चीखने की आवाजें भी सुनाई देती हैं। हालांकि, हमले से जुड़े वीडियो और हताहतों के आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। अधिकारियों के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य के साथ नुकसान का आकलन किया जाता रहा।
बचाव दल पहुंचा तो बढ़ता गया मौत का आंकड़ा
हमले के बाद शुरुआती जानकारी में होर्मुजगन प्रांत के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने सरकारी टेलीविजन को बताया था कि घटना में दो लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। इसके बाद राहत दलों के मौके पर पहुंचने और स्थिति का आकलन करने के दौरान मृतकों की संख्या बढ़ती गई। सिरिक काउंटी की भौगोलिक स्थिति भी इसे बेहद महत्वपूर्ण बनाती है, क्योंकि यह होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है। यह इलाका दुनिया के अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है और अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिकी सेना इस इलाके में किस ठिकाने को निशाना बनाना चाहती थी।
ईरान ने बताया युद्ध अपराध
होर्मुजगन के सुरक्षा मामलों के उप-गवर्नर ने कहा कि हमले में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया। उन्होंने घटना को ‘युद्ध अपराध’ बताते हुए कहा कि इससे जुड़ी अन्य जानकारी बाद में साझा की जाएगी। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी बताया कि शादी समारोह में शामिल लोग अमेरिकी हमले के बाद मिसाइल के टुकड़ों की चपेट में आए। दक्षिणी ईरान में हाल के दिनों में कई हमलों की खबरें सामने आई हैं। ईरानी मीडिया ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास धमाकों के साथ केरमान प्रांत के एक हवाई अड्डे को निशाना बनाए जाने की भी जानकारी दी है। बढ़ते हमलों के बीच आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार गहराती जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






