बड़ा हादसा टला, दिल्ली एयरपोर्ट से टेकऑफ करते ही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, जानिए क्या थी वजह?

- Nownoida editor1
- 19 Jun, 2025
New Delhi: अहमदबाद प्लेन क्रैश के बाद फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी की घटनाएं लगातार आ रही हैं। अब दिल्ली एयरपोर्ट से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट को दिल्ली वापस लौट आया है। पायलट को उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का संकेत मिले थे। फ्लाइट में 180 यात्री सवार थे।
तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
जानकारी के मुताबिक, इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से सुबह निर्धारित समय पर लेह के लिए इंडिगो की फ्लाइट ने उड़ान भरी थी। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के चलते पायलट ने एटीसी संपर्क किया। इसके बाद विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इंडिगो की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था के लिए सहायता दी जा रही है। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। किसी यात्री को चोट लगने या हानि नहीं पहुंची है।
बाली जा रही फ्लाइट दिल्ली लौटी
बता दें कि इससे पहले बुधवार को दिल्ली से बाली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2145 को वापस दिल्ली लौटना पड़ा था। क्योंकि इंडोनेशिया में लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में अचानक विशाल विस्फोट हुआ था। बाली एयरपोर्ट से पास ही यह ज्वालामुखी 10 किलोमीटर ऊंचाई तक राख फेंक रहा था, जिससे आस-पास की हवा में राख का विस्फोटक प्रभाव फैल गया और एयरपोर्ट पर कुछ भी साफ नहीं दिखाई दे रहा था। एयर इंडिया ने बताया था कि जब राख-भरा बादल फ्लाइट के मार्ग में आने लगा तो सुरक्षा को देखते हुए आगे की उड़ान असुरक्षित हो गई थी। ऐसे में पायलट ने दिल्ली लौटने का फैसला लिया। फ्लाइट बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से वापस आ गई।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 208 लोगों की पहचान
बता दें कि 12 जून को एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया था। प्लेन में सवार 268 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी की भी जान चली गई थी। हादसे में मारे गए लोगों की शिनाख्त डीएनए जांच के माध्यम से हो रही है। अभी तक 208 की पहचान की जा चुकी है। 173 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *