भारतीय टीम के क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, नोए़डा के अस्पताल में थे भर्ती, अलीगढ़ पहुंचा पार्थिव शरीर, मंगेतर प्रिया सरोज साथ

top-news
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का लिवर कैंसर से निधन हो गया। वे ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती थे। पिता की हालत बिगड़ने पर रिंकू वर्ल्ड कप छोड़कर अलीगढ़ लौट रहे हैं। परिवार में शोक का माहौल है।

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह करीब 4:36 बजे निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे और फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। हाल ही में उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल-ओमेगा-1 में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल प्रशासन ने निधन की पुष्टि की है। पार्थिव शरीर को नोएडा से अलीगढ़ लाया गया है, जहां शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा। पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू चेन्नई से अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।


बीमारी के चलते बीच में छोड़ा था टीम इंडिया का साथ

रिंकू इस समय टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे। पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही वे 24 फरवरी को चेन्नई से सीधे नोएडा पहुंचे थे और उन्हें प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। परिवार के साथ कुछ समय बिताने के बाद 25 फरवरी को वे फिर टीम से जुड़ गए थे। हालांकि 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में वे प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं थे और सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर नजर आए। टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन अब तक साधारण रहा है। पांच मैचों में वे 24 रन ही बना सके हैं। अब पिता के निधन के बाद वे टूर्नामेंट बीच में छोड़कर घर लौट रहे हैं, जिससे टीम संयोजन पर भी असर पड़ सकता है।


संघर्षों से भरी कहानी, पिता ने सपनों को दी उड़ान

रिंकू का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और परिवार के पांचों बेटे भी इस काम में हाथ बंटाते थे। खुद रिंकू बाइक पर दो-दो सिलेंडर रखकर घरों और होटलों में सप्लाई करने जाते थे। क्रिकेट खेलने के लिए पैसे जुटाना आसान नहीं था। परिवार पढ़ाई पर जोर देता था, लेकिन उनकी मां ने हमेशा खेल के लिए हौसला बढ़ाया। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी शोक जताते हुए कहा कि यह रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन समय है। कोचों का कहना है कि पिता की मेहनत और त्याग ही रिंकू को इस मुकाम तक लेकर आए।


शादी की तैयारियों पर भी पड़ सकता है असर

रिंकू की सगाई मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज से हो चुकी है और इसी साल शादी की चर्चा थी। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, पिता के निधन के बाद शादी की तारीख पर दोबारा विचार किया जा सकता है। इससे पहले भी क्रिकेट शेड्यूल के कारण शादी दो बार टल चुकी है। बड़े भाई ने बताया था कि आईपीएल के बाद ही विवाह की योजना बनाई जाएगी। फिलहाल पूरा परिवार शोक में डूबा है और अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *